बरेली: फतेहगंज पश्चिमी में गुरुवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी मनाया गया। सुबह करीब आठ बजे सभी अंजुमन पुराना कपड़ा बाजार में एकत्रित होने के बाद नौ बजे मुख्य मार्ग पर पहुंचे। जुलूस जामा मस्जिद से लोधीनगर चौराहा होते हुए बिजली घर पर दोपहर 12 बजे समाप्त हुआ। जुलूस-ए-मोहम्मदी में नबी के दीवाने झूम कर निकले।
ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या पर कस्बा व गांवों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। अंजुमनों के साथ जुलूस निर्धारित रास्तों से होता हुआ दुरूदों सलाम नात शरीफ पढ़ते हुए आगे बढ़ता रहा। जुलूस में रंग बिरंगी पोशाकों और तरह-तरह की टोपी, पगड़ी पहने अंजुमनों के सदस्य आकर्षण का केंद्र रहे।
जगह-जगह किया गया लंगर का आयोजन
इस दौरान सभी मस्जिदों के इमाम मदरसों के छात्र, करीब 30 अंजुमन के जत्थे शामिल रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद रही। जूलूस-ए-मोहम्मदी में इमरान अंसारी, रईस राजा, सरदार अजहरी, अमान अंसारी, असद रजा, शोहिद सकलैनी, फईम बबलू, जुबैर रजा आदि तमाम लोग मौजूद रहे।