मौसम अलर्ट: अगले 4–5 दिनों में पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना, यूपी में बढ़ेगी ठंड

लखनऊ : मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार-पांच दिनों बाद पहाड़ों पर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. जिसके कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. बर्फबारी होने के बाद पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं उत्तर प्रदेश में तेजी से तापमान गिराएंगी. जिससे ठंड में अधिक वृद्धि होने की संभावना है.

अभी तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश में चल रही हवाओं के रुख में परिवर्तन से उत्तरी पश्चिमी हवाओं की जगह पर कुछ जगहों पर पूर्वी कुछ जगहों पर दक्षिणी बयार चल रही थीं. यह बयारें अपने साथ गर्म हवाएं लेकर आ रही थीं. जिसके कारण पिछले तीन दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है.

बहरहाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो गया है. इससे ठंड में इजाफा हुआ है. पूर्वी यूपी में सोमवार तक पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो जाएगा. ऐसे में सुबह-शाम तेज ठंडी हवाएं चलेंगी. जिससे उत्तर प्रदेश में दो से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में कमी आएगी.

यूपी में बदलेगा मौसम का हाल

लखनऊ में पूर्वा हवाओं के चलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हुई है. शनिवार सुबह-शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहा. दिन में आसमान साफ रहा और गुनगुनी धूप खिली. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार सुबह-शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

कानपुर नगर रहा सबसे ठंडा : शनिवार को उत्तर प्रदेश का कानपुर नगर सबसे ठंडा जिला रहा. जहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है. अधिकतम तापमान बहराइच जिले में 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

एयर क्वालिटी इंडेक्स में हो रहा सुधार

केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शनिवार शाम 4:00 बजे लखनऊ के लालबाग का एयर क्वालिटी इंडेक्स 215 रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 118, गोमतीनगर में 85, कुकरैल पिकनिक स्पॉट में 71, तालकटोरा इंडस्ट्रीज एरिया में 127 रिकॉर्ड किया गया. लखनऊ के ज्यादातर इलाकों में प्रदूषण के स्तर में कमी आई है. लालबाग में प्रदूषण का स्टार अब भी ऑरेंज जोन में बना हुआ है.

आगरा में एयर क्वालिटी इंडेक्स 152, बागपत में 250, बुलंदशहर में 263, गाजियाबाद में 299, ग्रेटर नोएडा में 288, कानपुर में 103, लखनऊ में 124, मेरठ में 214, मुजफ्फरनगर में 237, नोएडा में 310 रिकॉर्ड किया गया. इसके पहले गाजियाबाद व आसपास के इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार पहुंच गया था. बहरहाल अब धीरे-धीरे एक्यूआई 300 के आसपास पहुंच गया है. सबसे अधिक एयर क्वालिटी इंडेक्स नोएडा में 310 रिकॉर्ड किया गया था. हालांकि ठंड बढ़ने के साथ ही एयर क्वालिटी इंडेक्स कम होता जाएगा.