लोकसभा में आज महिला आरक्षण बिल पर चर्चा, सात घंटे चलेगी बहस

कांग्रेस से सोनिया और BJP से निर्मला सीतारमण होंगी लीड स्पीकर

नई दिल्‍ली: नए संसद भवन में विशेष सत्र का बुधवार (20 सितंबर) को दूसरा दिन है। लोकसभा में आज सुबह 11 बजे से महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन विधेयक) पर सात घंटे तक चर्चा होगी, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाषण दे सकते हैं।

वहीं, महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी बहस को लीड करेंगी। जबकि, बीजेपी की ओर से निर्मला सीतारमण, दीया कुमारी और स्मृति ईरानी अपनी बात रखेंगी। इस बीच आंध्र प्रदेश की YSR कांग्रेस ने बिल को समर्थन देने की घोषणा की है।

नई संसद में कामकाज के पहले दिन पेश हुआ महिला आरक्षण बिल

नई संसद में कामकाज के पहले दिन यानी मंगलवार (19 सितंबर) को लोकसभा में महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन विधेयक) पेश किया गया। इस बिल के अनुसार, लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू किया जाएगा। लोकसभा की 543 सीटों में से 181 महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। ये रिजर्वेशन 15 साल तक रहेगा। इसके बाद संसद चाहे तो इसकी अवधि बढ़ा सकती है।

परिसीमन के बाद ही लागू होगा बिल

महिला आरक्षण के नए विधेयक में सबसे बड़ा पेंच यह है कि यह डीलिमिटेशन यानी परिसीमन के बाद ही लागू होगा। परिसीमन इस विधेयक के पास होने के बाद होने वाली जनगणना के आधार पर होगा। साल 2024 में होने वाले आम चुनावों से पहले जनगणना और परिसीमन करीब-करीब असंभव है। इस फॉर्मूले के अनुसार, लोकसभा और विधानसभा चुनाव समय पर हुए तो इस बार महिला आरक्षण लागू नहीं होगा। यह साल 2029 के लोकसभा चुनाव या इससे पहले के कुछ विधानसभा चुनावों से लागू हो सकता है।