1st Nov Ad

अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, राम जन्मभूमि मंदिर के ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया

अयोध्या:यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ श्री राम जन्मभूमि मंदिर के ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए सोमवार को अयोध्या पहुंचे, जिसमें कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। दररअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराकर ध्वजारोहण समारोह का शुभारंभ करेंगे।उनका एयरपोर्ट से साकेत महाविद्यालय तक हेलीकॉप्टर से पहुंचना प्रस्तावित है। साकेत महाविद्यालय से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक भव्य रोड शो भी आयोजित होगा। रोड शो के एक किमी लंबे रामपथ को आठ जोन में विभाजित किया गया है।प्रत्येक जोन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पारंपरिक तरीके से थाली, आरती, फूल-माला और नमस्कार मुद्रा के साथ पीएम की अगवानी करेंगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए अलग-अलग समाज और समूहों की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी है।

व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया
ध्वजारोहण समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। पुलिसकर्मी जगह-जगह पर तैनात हैं। एडीजी जोन सुजीत पांडेय ने ध्वजारोहण कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस लाइन में उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को कार्य-व्यवहार और कर्तव्यों का बोध कराया।

बताया कि अपनी तैनाती स्थल पर मुस्तैदी से डटे रहें। आगंतुकों से उत्तम व्यवहार करते हुए उन्हें जारी गाइडलाइन से अवगत कराएं। अराजकतत्वों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने राम मंदिर परिसर, साकेत महाविद्यालय व अन्य कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस मौके पर आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।