अलर्ट: यूपी के 40+ जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी, वाराणसी-प्रयागराज में हल्की बूंदाबांदी

लखनऊ: यूपी के दोनों संभागों में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा. कई स्थानों पर आसमान में बादल में भी देखे गए. वहां हल्की बूंदाबांदी भी हुई. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 मार्च को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शुक्रवार 27 मार्च को उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चलने की बात कही गई है. 28 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण राज्य में 1 अप्रैल तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है. वहीं देर शाम प्रयागराज और वाराणसी में बूंदाबांदी शुरू हो गई.

40 के करीब जिलों में बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने यूपी के अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, फतेहपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कौशांबी, कुशीनगर, ललितपुर, महाराजगंज, महोबा, मऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर, शामली, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, वाराणसी और आसपास के इलाकों में बिजली गिरने की आशंका जाहिर की है.

30 से 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
वहीं मौसम विभाग ने अंबेडकर नगर, आजमगढ़, बलिया, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, गाजीपुर, गोरखपुर, जौनपुर, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, मऊ, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, वाराणसी एवं आसपास के इलाकों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है.

लखनऊ का अधिकतम 32 डिग्री रहने की संभावना

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक शुक्रवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. बारिश होने तथा बादलों की आवाजाही होने के कारण अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है. अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

इससे पहले राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा दिन में तेज धूप खिली. अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है.

प्रदेश में बांदा जिला सबसे गर्म
गुरुवार को यूपी में बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की समान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अयोध्या जिले में 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में गरज चमक के साथ बारिश होने की तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. वहीं 28 मार्च को सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 1 अप्रैल तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

प्रयागराज और वाराणसी में बूंदाबांदी

प्रयागराज और वाराणसी में देर शाम मौसम बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई. शाम से ही तेज हवाओं ने अपना रुख बदला और बूंदाबांदी होने लगी. मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट पहले ही जारी किया था. लोगों का कहना है कि इस मौसम में बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.

ताजनगरी के किसान परेशान

आगरा जिले में मौसम का मार्च माह में अलग ही रंग दिखने को मिल रहा है. लोगों को एक साथ गर्मी, बारिश और ठंड का एहसास हो रहा है. वहीं मौसम विभाग ने एक बार फिर दो दिन बाद तापमान में बदलाव का पूर्वानुमान जताया है. जिसमें रविवार से तीन दिन तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ ही बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी. तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है.

बेमौसम बारिश से किसानों पर मुसीबत
बता दें कि बीते दिनों बेमौसम बारिश से किसानों का काफी नुकसान हुआ है. बारिश से सरसों और गेहूं की फसल में नुकसान हुआ है. खेतों में गेंहू की खड़ी फसल गिर गई साथ ही कटी सरसों की फसल भी भीग गई थी. फसलों के नुकसान होने से किसान के माथे पर चिंता की लकीरें देखी जा रही हैं. वहीं आगले तीन दिनों तक मौसम खराब होने की आशंका जाहिर की जा रही है.

तेज हवाओं के साथ बारिश

अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. दिनभर की उमस और बढ़ते तापमान के बीच आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. मौसम के इस बदलाव से वातावरण ठंडा हो गया और लोगों ने राहत महसूस की. मौसम विभाग के अनुसार, आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी दर्ज की गई हैं.