कानपुर : यूपी की प्रदेशभर की पंचायतों को हाईटेक करने के लिए अब आईआईटी कानपुर के एक्सपर्ट्स ने खास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल तैयार किया है. जिसकी मदद से पंचायतों के सारे कामकाज आधुनिक तरीकों से हो सकेंगे. इस बाबत कुछ समय पहले आईआईटी कानपुर व पंचायती राज विभाग के बीच करार हुआ था. करार के बाद अब इसे धरातल पर उतारने की तैयारी है.
आईआईटी कानपुर में वरिष्ठ प्रोफेसर विमल कुमार ने बताया कि करार के बात उनकी टीम के सदस्यों द्वारा उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से 250 ऐसे लोगों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया. जिनका सीधा जुड़ाव पंचायती राज विभाग से था. इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, पंचायत सचिव समेत और अफसर व कर्मचारी शामिल थे. सभी के लिए जहां आईआईटी कानपुर में आवासीय शिविर लगाया गया. वहीं उन्हें खास तौर से लीडरशिप को इंप्रूव करने के लिए तकनीक की जानकारी दी गई.
एआई से बदल जाएगी पंचायतों की दुनिया : प्रोफेसर विमल कुमार ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रयोग से अब पंचायतों में बहुत अधिक सुधार दिखेगा. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रयोग से पंचायतों की दुनिया पूरी तरह बदल जाएगी. एआई में उन्हें दक्ष करने के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, पंचायत सचिव समेत और अफसरों व कर्मचारियों के अंदर प्रबंधन की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए भी ट्रेनिंग दी गई है. साथ ही धरातल पर क्रियान्वित करने की भी जानकारी दी गई है.