आगरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम आगरा पहुंचे। सीएम फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। साथ ही 421 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। रविवार को खंदारी कैंपस में उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा और बीमा योजना का शुभारंभ करेंगे।
आगरा दौरे पर सीएम योगी, 421 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम योगी शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे जालौन से हेलिकॉप्टर से सीधे टाटा मैदान पहुंचे। यहां वे आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को आयुक्त सभागार में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक करेंगे। मथुरा और आगरा की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
शनिवार रात सीएम योगी सर्किट हाउस में प्रवास करेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री खंदारी स्थित डाॅ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर के शिवाजी ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। वहां वे उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और वृहद बीमा सुरक्षा योजना को लॉन्च करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे खेरिया एयरपोर्ट से मैनपुरी के लिए प्रस्थान करेंगे।