आगरा में अवैध पार्किंग पर नगर निगम का शिकंजा, पार्षदों की मांग के बाद सख्ती

आगरा: शहर में अवैध पार्किंग और मनमानी वसूली एक गंभीर समस्या बन गई है. पार्किंग शुल्क के नाम पर जनता से रकम तो ले ली जाती है. लेकिन नगर निगम के खाते के बजाए अपनी जेब गर्म कर ली जाती है. नगर निगम की बैठक में इस मुद्दे को पार्षदों ने उठाया था. उसके बाद अब प्रशासन अवैध पार्किंग और वसूलीबाजों पर एक्शन के मूड मे है. साथ ही जनता की सुविधा के लिए नए पार्किंग जोन बनाने की तैयारी में है.

अवैध पार्किंग पर प्रशासन की नजर: आगरा नगर निगम और जिला प्रशासन शहर में संचालित अवैध पार्किंग स्थलों की जांच कर कड़ी कार्रवाई में जुट गई है. इसके लिए बकायदा पुलिस की मदद ली जा रही है. अवैध अड्डों को खाली कराने में नगर निगम की टीम ने पुलिस विभाग से मदद मांगी है. नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने शहर में संचालित अवैध पार्किंग स्थलों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. इसी के बाद संजय प्लेस स्थित पार्किंग स्थल पर छापेमारी की गई. दीवानी चौराहा और भगवान टॉकीज क्षेत्र की पार्किंग बंद कराई हैं. दीवानी चौराहा क्षेत्र में शांति विनायक मॉल के नाम पर अवैध रूप से पार्किंग रसीदें जारी की जा रही थीं. धांधूपुरा के पार्षद डॉ. गंगाराम माथुर ने बताया कि शहर के हर क्षेत्र में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की भरमार है. बसई सब्जी मंडी में भी अतिक्रमण के साथ ही तमाम जगह पर अवैध पार्किंग संचालित की जा रही हैं.

शहर में जहां पर पार्किंग का संचालन किया जा रहा है. वहां पर टीम जाकर दस्तावेजों की जांच कर रही है. जहां पर वैध दस्तावेज नहीं मिलेंगे. वहां पर पार्किंग बंद कराई जाएगी. शहर में बिना अनुमति पार्किंग संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वाहन चालकों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी’.

संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त

शहर में बनेंगे 10 नए पार्किंग जोन: आगरा के डीएम मनीष बंसल ने शहर की सूरत बदलने की दिशा में अहम फैसले लिए हैं. जिला वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में व्यापारियों की ओर से पार्किंग समस्या के मुद्दे उठाए गए थे. इसके बाद अपर नगर आयुक्त को स्वयं निरीक्षण कर रक्षा, रेलवे और उद्यान विभाग से एनओसी लेकर पार्किंग का निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं. हालांकि संजय पैलेस पार्किंग मामले में गठित कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार करने के लिए कहा गया है. पार्षद सुनील शर्मा ने बताया कि, वर्तमान में नगर निगम शहर में 47 पार्किंग स्थल का संचालन कर रहा है. ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण आवास विकास प्राधिकरण ने किया. मगर, वहां पर अवैध अतिक्रमण है. इस बारे में नगर आयुक्त और महापौर से मांग की है कि इन पार्किंग को बीओटी के तहत दिया जाए. जिससे नगर निगम की आमदनी बढेगी.

जनता से अवैध पार्किंग की सूचना देने की अपील: नगर प्रशासन ने इस मुहिम में आम जनता से भी सहयोग की अपील की है. सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कहा कि, शहर में अवैध पार्किंग के संचालन को बंद कराने के लिए पुलिस और प्रशासन को भी पत्र भेजा है. जिससे अवैध पार्किंग संचालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके. सहायक नगर आयुक्त ने जनता से अपील है कि केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें. किसी भी अवैध वसूली या संदिग्ध पार्किंग संचालन की सूचना तत्काल प्रशासन को दें.