आज अंबेडकरनगर को मिलेगी 700 करोड़ की सौगात, सीएम योगी करेंगे कई परियोजनाओं का शुभारंभ

अंबेडकरनगर: सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जिले का दौरा करेंगे. आलापुर तहसील अंतर्गत विकासखंड रामनगर स्थित पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब में उनका दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान वह विधानसभा टांडा, आलापुर और जलालपुर क्षेत्रों में कुल 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

सीएम के इस कार्यक्रम में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, पर्यटन, लोक निर्माण और कौशल विकास सहित अनेक विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं को नई गति मिलेगी. इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, बिजली आपूर्ति और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे.

टांडा विधानसभा क्षेत्र में 69 परियोजनाओं पर 217.69 करोड़ रुपये, आलापुर में 75 परियोजनाओं पर 312.18 करोड़ रुपये तथा जलालपुर में 50 परियोजनाओं पर 176.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इनमें से शिलान्यास कार्यों की संख्या 36 और लागत 145.98 करोड़ रुपये है, जबकि लोकार्पण कार्यों की संख्या 158 और लागत 560.83 करोड़ रुपये है.

इस दौरे से अम्बेडकरनगर में विकास का नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार पिछड़े और विकास की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रों में तेज गति से कार्य कर रही है. टांडा, आलापुर और जलालपुर जैसे क्षेत्रों में इन परियोजनाओं के पूरा होने से जनजीवन सुगम बनेगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम स्थल से लेकर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की गई है. सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.