लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के बाद सोमवार को फिर से ‘जनता दर्शन’ किया. मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई जनपदों से आए लोगों से मुलाकात की, उनके पास पहुंचकर समस्या सुनी. फिर अफसरों को निर्देश दिया कि उचित निस्तारण कराएं, फीडबैक भी लें.
जनता दर्शन कार्यक्रम में 50 से अधिक लोगों ने अपनी समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. फरियादियों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी सेवा ही सरकार की प्राथमिकता है. एक लोक कलाकार ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि वह प्रतिभावान है लेकिन, उसको मंच नहीं मिल रहा. इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संस्कृति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इनको भी कार्यक्रम दिया जाए.
सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत: ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया है. इस पर मुख्यमंत्री ने जांच कर तत्काल कब्जा हटवाने के निर्देश दिए. एक फरियादी ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की. इस पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल से एस्टिमेट बनवाकर देने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज अधूरा नहीं रहेगा. सरकार हर जरूरतमंद के इलाज की व्यवस्था के लिए खड़ी है.
मैं कलाकार हूं, मुझे कार्यक्रम दिलवा दीजिये: ‘जनता दर्शन’ में एक महिला कलाकार भी पहुंचीं. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे लोकगीत कलाकार हैं. उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रम करना है, मंच दिला दीजिये. इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल उन्हें कार्यक्रम दिलाने का आदेश दिया. मुख्यमंत्री बोले कि सरकार हर जनपद में लोक कलाओं को प्राथमिकता दे रही है. हर जगह अनेक आयोजन भी कराए जाते हैं. जिससे पंजीकृत व अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों को मौका मिले.
जनता दर्शन में पारिवारिक मामले भी आए: जनता दर्शन में पुलिस से जुड़े मामले भी आए. कई लोगों ने पारिवारिक मामले को लेकर भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी शिकायत रखी. पुलिस से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने इसे दिखवाने और पीड़ितों की समस्या के समाधान कराने का निर्देश दिया.