कानपुर के GSVМ मेडिकल कॉलेज में 3 नई MRI-CT मशीनें लगीं, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

कानपुर: शहर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एलएलआर अस्पताल में रोजाना हजारों की संख्या में मरीज ओपीडी से लेकर अन्य विभागों में अपना इलाज कराने पहुंचते हैं. अभी तक मेडिकल कॉलेज के पास केवल एक एमआरआई मशीन थी, जिस पर मरीजों का बहुत अधिक भार था. मरीजों को अपना एमआरआई कराने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता था पर अब मेडिकल कालेज को तीन नई एमआरआई मशीनें मिल गईं और उसके साथ ही तीन नई सीटी स्कैन मशीनें भी मिल गई हैं.

निजी कंपनी के प्रतिनिधियों संग प्राचार्य ने देखा स्थल: बुधवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.संजय काला ने निजी कंपनी के प्रतिनिधियों संग डायग्नोस्टिक हब का निरीक्षण किया. वहां तय हुआ, कि जो नई मशीनें होंगी उन्हें कहां पर इंस्टाल किया जाएगा. साथ ही उस हब में नई डिजाइंस को लेकर भी स्थान चिह्नित किए गए.

बहुत जल्द नई मशीनें लग जाएंगी. जिनका लाभ लाखों मरीजों को मिलेगा. नई मशीनों के मिलने से अब मरीजों को बहुत अधिक सहूलियतें होंगी. उन्हें अब घंटों लाइन में इंतजार नहीं करना पड़ेगा. प्रदेश के गिने-चुने मेडिकल कॉलेजों में अब जीएसवीएम भी शामिल हो गया, जहां इतनी अधिक सुविधाएं मरीजों के लिए होंगी.-डॉ.संजय काला,प्राचार्य, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज

गरीबों का मुफ्त में इलाज: मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.संजय काला ने बताया, जब यहां एमआरआई की सुविधा बढ़ेगी, तो आयुष्मान कार्ड धारकों और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों का एमआरआई पूरी तरह से फ्री होगा. वहीं, आमजन या मरीजों के लिए सरकारी और सस्ती दरों पर एमआरआई की सुविधा होगी. उन्होंने बताया कि, हमने डायग्नोस्टिक हब पहले से तैयार कर रखा है. जिसमें एक छत के नीचे मरीजों को कई सुविधाएं मिल सकेंगी. इसके लिए उन्हें बहुत अधिक दौड़ भाग नहीं करनी होगी.