कानपुर को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, सेंट्रल से नौबस्ता तक दौड़ेगी मेट्रो

कानपुर: शहर आ रहे पीएम मोदी, अब कानपुर को एक बार फिर मेट्रो का तोहफा देने जा रहा है. शहर के दक्षिण क्षेत्र में मेट्रो पहली बार प्रवेश तब करेगी, जब पीएम मोदी कानपुर में रहते हुए रिमोट का बटन दबाएंगे. मौजूदा समय में आईआईटी कानपुर से लेकर कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो का सफर अब सेंट्रल से आगे सात स्टेशनों पर जारी रहते हुए नौबस्ता तक पहुंचेगा.

मेट्रो के शुरू होने से शहर की 10 लाख की आबादी को बड़ी राहत मिल जाएगी.

सीएमआरएस का निरीक्षण हुआ पूरा: मेट्रो के संचालन को लेकर अभी तक केवल मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) का निरीक्षण बाकी था. जोकि, 27 जून से शुरू होकर 29 जून यानी सोमवार तक पूरा हो गया. अब उनकी रिपोर्ट महज औपचारिकता भर है. आगामी तीन दिनों में वो रिपोर्ट केंद्र से लेकर राज्य सरकार और यूपीएमआरसी के अफसरों तक पहुंच जाएगी. इसके बाद कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो का सफर आसानी से यात्री कर सकेंगे.

20 से अधिक स्टेशनों पर दौड़ेगी मेट्रो: इस पूरे मामले को लेकर यूपी मेट्रो रेल कार्पोरेशन के संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क विभाग पंचानन मिश्रा ने बताया, कानपुर में अब मेट्रो 20 से अधिक स्टेशनों पर फर्राटा भरेगी. कानपुर सेंट्रल स्टेशन से लेकर नौबस्ता तक कुल सात नए स्टेशंस बनकर तैयार हैं. जिनमें स्टेशन के बाद झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, बौद्ध नगर, बसंत विहार और नौबस्ता शामिल हैं. यूपीएमआरसी के आला अफसरों ने बताया, पहले फेज में मेट्रो का संचालन आईआईटी कानपुर से लेकर मोतीझील स्टेशन तक शुरू हुआ था.

सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो का संचालन: इसके बाद मोतीझील से पहली बार अंडरग्राऊंड स्टेशंस होते हुए मेट्रो सेंट्रल स्टेशन तक पहुंची. जिसमें मोतीझील के बाद चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, जनरलगंज और फिर कानपुर सेंट्रल आया. अब, नए सफर में कानपुर सेंट्रल स्टेशन से झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, बौद्ध नगर, बसंत विहार और तब जाकर नौबस्ता पहुंचेगी.

यहां जानिए कितना होगा मेट्रो का किराया:

  • आईआईटी (पहला स्टेशन) से दूसरे स्टेशन तक: 10 रुपये (एक स्टेशन तक)
  • दूसरे स्टेशन तक कुल किराया: 15 रुपये
  • तीसरे से लेकर छठवें स्टेशन तक: 20 रुपये
  • सातवें से लेकर नौवें स्टेशन तक किराया: 30 रुपये
  • 10वें से लेकर 13वें स्टेशन तक किराया: 40 रुपये
  • 14 से लेकर 17वें स्टेशन तक किराया: 50 रुपये
  • 18 वें से लेकर 20 वें स्टेशन तक किराया: 60 रुपये (आईआईटी से लेकर नौबस्ता 20वां स्टेशन होगा)

कितने स्टेशनों पर होगा मेट्रो का संचालन:

  • पहले फेज में मेट्रो का संचालन: नौ स्टेशंस पर
  • दूसरे फेज में मेट्रो का संचालन: 14 स्टेशंस पर
  • अब मेट्रो का संचालन हो जाएगा: 21 स्टेशनों पर