कैबिनेट मंत्री का बयान: CM के जापान दौरे से यूपी में बढ़ेगा निवेश, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

बलरामपुर: UP के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि CM योगी के सिंगापुर और जापान दौरे से प्रदेश को लाभ मिलेगा. निवेश का रास्ता खुलेगा और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे. बलरामपुर के प्रभारी मंत्री जिले में विकास और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने पहुंचे थे.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश को एक ट्रिलियन की इकॉनमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है. निवेश से इस लक्ष्य को पूरा करने में आसानी होगी. इसका फायदा प्रदेश के सभी 75 जिलों को मिलेगा. कैबिनेट मंत्री ने जल जीवन मिशन के काम की प्रगति पर असंतोष जाहिर किया.

पीछे नहीं हटेगी सरकार: यूपी के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने इशारा किया है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मामले में सरकार पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने साफ कहा कि योगी सरकार में कोई शिकायत आई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी.

समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने काम के लिए नई सड़कों को अनावश्यक रूप से न काटने और बोर सिस्टम से काम करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों को नए जैसा करने के निर्देश दिए.

कैबिनेट मंत्री ने पीएम आवास योजना ग्रामीण के सर्वे में पात्र पाए गए 41 हजार आवासों के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं. सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान, सीएम स्वरोजगार योजना एवं खादी ग्रामोद्योग योजनाओं से अधिक से अधिक युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने के निर्देश दिए गए.

मंत्री ने बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाने, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने और लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करने पर जोर दिया. मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन और IGRS से मिली शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.

अधिकारियों को निर्देश: बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शेष वित्तीय वर्ष में और अधिक प्रभावी कार्य करते हुए जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से लागू करने के निर्देश दिए.

इस दौरान विधायक बलरामपुर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, डीएम विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, चेयरमैन नगर पालिका बलरामपुर धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी और जनप्रतिनिधि, अधिकारी मौजूद रहे.