गोरखपुर: 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए ‘अटल वयो अभ्युदय’ योजना शुरू की गई है. 9 मार्च 2026 को इसकी शुरुआत नगर निगम के सिटीजन केयर सेंटर से होगी. इसमें कैंप लगाकर बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी. साथ ही उनका वरिष्ठ नागरिक कार्ड भी बनाया जाएगा.
CMO डॉ. राजेश झा ने बताया कि इस योजना के तहत बुजुर्गों का वजन, रक्तचाप, मधुमेह स्तर, मधुमेह होने की स्थिति में एचबीवनसी, हीमोग्लोबिन, मुख स्वास्थ्य जांच, दृष्टि जांच, श्रवण परीक्षण, गिरने के जोखिम का आंकलन, संज्ञानात्मक जांच और भावनात्मक स्वास्थ्य का परीक्षण कर वार्षिक कार्ड में विवरण अंकित किया जाएगा.
बुजुर्गों की मौजूदा स्वास्थ्य स्थितियों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, ह्रदय रोग, स्ट्रोक, सीओपीडी, क्रॉनिक किडनी रोग, मूत्र या जनन संबंधी समस्या, कैंसर, बड़ी शैल्य चिकित्सा और दिव्यांगता आदि की स्थिति का भी पता लगाकर कार्ड में अंकित किया जाएगा. अभियान में नगर निगम और समाज कल्याण विभाग सहित कई अन्य विभागों की भी मदद ली जाएगी.
डॉ. झा ने बताया कि नेत्र जांच के दौरान जिन बुजुर्गों में मोतियाबिंद की समस्या होगी, उनकी आंखों की निःशुल्क सर्जरी की जाएगी. वरिष्ठ नागरिकों में डिमेंशिया स्क्रीनिंग सहित सभी प्रमुख गैर संचारी रोगों की जांच, परामर्श और निःशुल्क दवा वितरण पर स्वास्थ्य विभाग का विशेष जोर है.
CMO ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक वार्षिक स्वास्थ्य कार्ड का फायदा यह होगा कि प्रत्येक वर्ष नियमित अंतराल पर बुजुर्गों के स्वास्थ्य का फॉलोअप भी होता रहेगा. स्वास्थ्य महकमे ने जो वरिष्ठ नागरिक वार्षिक स्वास्थ्य कार्ड तैयार किया है, उसमें बुजुर्गों के दैनिक उपयोग के कई महत्वपूर्ण संदेश व सूचनाएं दी गई हैं.
सभी आपातकालीन व हेल्पलाइन नंबर भी दिए गए हैं, जिनकी आवश्यकता समय-समय पर पड़ती रहती है. साथ ही जनोपयोगी योजनाओं का संक्षिप्त विवरण भी कार्ड में दिया गया है.
CMO ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण का यह क्रम नई-नई तिथियां पर होता रहेगा. इससे शहर के ऐसे बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा सके, जिनके सेहत की देखभाल बहुत जरूरी है.
उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग से 60 से ऊपर उम्र के बुजुर्ग महिला, पुरुषों का आंकड़ा भी स्वास्थ्य विभाग ले रहा है. इससे कितने दिन कैंप लगाने की जरूरत पड़ेगी एक अनुमान लगाया जा सकेगा.