क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात, 350 करोड़ से होगा Green Park Stadium का कायाकल्प

कानपुर : क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. कानपुर का ग्रीन पार्क स्टेडियम फिर से अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है. 350 करोड़ की लागत से इस स्टेडियम का जीर्णोद्धार किया जाएगा. पहले चरण में 50 करोड़ रुपये आवंटित हो चुके हैं. साथ ही, स्टेडियम का किराया कम करने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है.

 

 

भाजपा सांसद रमेश अवस्थी और मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बुधवार को स्टेडियम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मैदान की मौजूदा खामियों, रखरखाव की स्थिति, जर्जर दीर्घाओं, ड्रेनेज सिस्टम की कमियों और अन्य सुविधाओं की समस्याओं का जायजा लिया.

 

मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मैचों का किराया कम कराने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. मंजूरी मिलने पर ग्रीनपार्क का किराया यूपी में सबसे कम होगा. इससे आयोजकों को राहत मिलेगी और मैचों की संख्या बढ़ेगी.

 

उन्होंने कहा कि पहले चरण में जारी 50 करोड़ रुपये से प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे. यूपीसीए अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी.

 

निरीक्षण में पाया गया कि मौजूदा समय में स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 27,400 है, जिसे बढ़ाकर 50 हजार तक करने की योजना है. पहले चरण में नए प्लेयर्स पवेलियन, आधुनिक मीडिया सेंटर, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और अन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण होगा.

 

उन्होंने बताया कि स्टेडियम ऑल-वेदर बनेगा, यानी किसी भी मौसम में मैच निर्बाध आयोजित हो सकेंगे. जर्जर सी-स्टॉल, बी-जनरल स्टैंड आदि को हटाकर नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी.