लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे का भव्य उद्घाटन किया. 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को सीधे पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ेगा, जिससे अब मेरठ से प्रयागराज की दूरी बेहद कम समय में तय की जा सकेगी.
इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह उत्तर प्रदेश की एक नई लाइफलाइन है. मां गंगा के नाम पर एक्सप्रेस-वे का नाम रखना सुखद अनुभूति है. मैं भगवान नरसिंह की इस भूमि को प्रणाम करता हूं. यहां से कुछ किलोमीटर की दूरी पर मां गंगा कृपा बहाती हुई निकलती हैं, इसलिए यह पूरा क्षेत्र अहम है. मैं मानता हूं कि यूपी को एक्सप्रेस-वे का यह वरदान भी मां गंगा का ही आशीर्वाद है.
इस दौरान पीएम ने यह भी कहा कि अब कुछ ही घंटों में आप प्रयागराज के संगम पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करके वापस आ सकते हैं. जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी और देश की जीवनरेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता यह एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा.
यूपी के 12 जिलों को जोड़ रहा गंगा एक्सप्रेस-वे
बता दें कि गंगा एक्सप्रेस-वे यूपी के 12 जिलों को जोड़ रहा है. इन जिलों में मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं. इस एक्सप्रेस-वे की वजह से इन जिलों में विकास की रफ्तार तेज होगी. यह वजह है कि इन शहरों में आज विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए.
अमरोहा में दिखा काफी उत्साह
अमरोहा में गंगा एक्सप्रेस-वे के शुभारंभ को लेकर काफी उत्साह रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया, जिसके लाइव प्रसारण के लिए जिले में कार्यक्रम आयोजित किए गए. हसनपुर तहसील के ग्राम मंगरौला में भी शुभारंभ कार्यक्रम का प्रसारण किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. जिला प्रभारी मंत्री केपी मलिक, सांसद कंवर सिंह तंवर, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और विधायक राजीव तरारा कार्यक्रम में मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि अमरोहा जिले में करीब 24 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है, यह जिले के लगभग 25 गांवों से होकर निकलेगा. इस मौके पर हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और विधायक राजीव तरारा सांसद कंवर सिंह तंवर, प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी. व्यापारियों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. जानकारी के मुताबिक गंगा एक्सप्रेस-वे को बनने में 36 हजार करोड़ रुपए की लागत आई है, जो कि मेरठ से सीधा प्रयागराज पहुंच जाएगा. इसकी दूरी लगभग 594 किलोमीटर है और मेरठ से पहुंचने के लिए अनुमान समय करीब 6 से 7 घंटे बताई गई है.
बुलंदशहर में दिखाया गया लाइव प्रसारण
बुलंदशहर के लाडपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे के शुभारंभ को बड़ी स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण दिखाया गया. इस दौरान मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे बहुत बड़ी सौगात है, इससे बुलंदशहर का विकास होगा. उन्होंने कहा कि बुलंदशहर को एक नहीं, बल्कि दो सौगात मिली है पहला गंगा एक्सप्रेस-वे और दूसरा जेवर एयरपोर्ट। इनसे बुलंदशहर को बहुत सारे रोजगार मिलेंगे, किसानों को उपज का सही दाम मिलेगा. गंगा एक्सप्रेस-वे से कई जिलों के विकास को नई रफ्तार मिलेगी. वहीं, बुलंदशहर के सिकंदराबाद से बीजेपी विधायक लक्ष्मी राज ने कहा कि ये गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है.
रायबरेली में गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन समारोह आयोजित
रायबरेली के ऊंचाहार तहसील के रोझैया भीखमशाहपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और रायबरेली के प्रभारी मंत्री राकेश सचान, प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे, सलोन के विधायक अशोक कोरी शामिल हुए. इस दौरान मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यह गंगा एक्सप्रेस-वे प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और प्रदेश सरकार के एक ट्रिलियन इकोनॉमी में इसका बड़ा योगदान रहेगा. इस गंगा एक्सप्रेस-वे से रोजगार के नए अवसर खुलेंग, साथ ही विकास की नई कहानी भी लिखी जाएगी. ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे ने बताया कि इस गंगा एक्सप्रेस-वे से उनकी विधानसभा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन रहा है, जो प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा.
बदायूं में कार्यक्रम आयोजित, केंद्रीय मंत्री हुए शामिल
प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन कर दिया है. इधर बदायूं के घटपुरी में भी भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा शामिल हुए, जहां उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे, जो प्रयागराज से लेकर मेरठ तक जा रहा है. उसे आज देश के प्रधानमंत्री ने जनता को समर्पित किया है. इससे जनता के लिए सिर्फ रास्ता आसान नहीं हुआ, बल्कि सभी वर्गों के लिए अपार संभावनाएं बढ़ी हैं. उन्होंने कहा कि इसके बनने से औद्योगिक इकाइयां आएंगी और क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ जाएगी. बता दें कि बदायूं को 3 इंटरचेंज मिले हैं और सबसे ज्यादा दूरी इस एक्सप्रेस-वे की बदायूं से होकर ही गुजरेगी.
संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित
संभल : संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन को लेकर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति समेत भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है. करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी हिस्से से जोड़ेगा, जिससे यात्रा का समय काफी कम होगा. साथ ही व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. वहीं, संभल की जनता का कहना है कि जो कोई सरकार नहीं कर पाई, वो उत्तर प्रदेश में योगी सरकार और केंद्र में मोदी सरकार ने करके दिखाया है, इस एक्सप्रेस-वे से जनता को बहुत फायदा मिलेगा.