गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी का निर्देश- जमीन कब्जा मुक्त कराएं, दबंगों पर कड़ी कार्रवाई हो

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार यानी आज सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं. मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच स्वयं पहुंचकर उन्होंने एक-एक फरियादी की बात ध्यान से सुनी और तुरंत समाधान के निर्देश दिए. वहीं एक महिला की दबंगों द्वारा जमीन कब्जाए जाने की शिकायत पर, सीएम योगी ने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों और कमजोरों को उजाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए. ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हिम्मत न कर सके.मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की और सबको भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा. जो भी लोग अपनी परेशानियों के प्रार्थना पत्र लेकर आए हैं, उनको तुरंत अधिकारियों को भेजा और कहा कि सबकी समस्याओं का जल्दी और सही समाधान किया जाएगा.

जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने शिकायत की कि कुछ दबंग लोग उसकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं. इस पर सीएम ने वहां मौजूद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए.

मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए पूरी मदद करेगी. उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को देते हुए, उन्होंने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करके शासन को उपलब्ध कराया जाए.

वहीं जनता दर्शन में कुछ लोगों के साथ उनके बच्चे भी आए थे. योगी ने उन्हें दुलारकर आशीर्वाद दिया. उनका नाम और स्कूल जाने के बारे में पूछा और अपने हाथों से चॉकलेट देते हुए खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया. जनता दर्शन में अपनी बच्ची के साथ आई एक महिला को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समझाया कि बच्ची का स्कूल में एडमिशन कराओ, स्कूल में सबकुछ फ्री है.