गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त, जमीन कब्जा मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान दूर-दूर से जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. मौके पर मौजूद अधिकारियों से समयबद्ध संतुष्टिपरक निस्तारण करने का आदेश भी दिया. जनता दर्शन में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, इलाज और पारिवारिक समस्या लेकर थे. मुख्यमंत्री ने इलाज में आने वाली बाधाओं को दूर करके हर संभव मदद करने का आश्वासन फरियादियों को दिया. साथ ही शिकायतों के निस्तारण को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए. आवास से लेकर इलाज तक, बिटिया की पढ़ाई, विवाह से लेकर निराश्रित, बुजुर्ग के पेंशन तक समाज के हर जरूरतमंद के लिए सरकार की अनेक योजनाएं हैं. सभी पात्र लोगों से आवेदन कराकर इन योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाया जाए. जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है. योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जरूर कर दें. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे जन समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं. जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा.

जनता दर्शन में जौनपुर जिले से आई एक महिला ने एक एनजीओ पर फर्जी प्रमाण पत्र देने का आरोप लगाया. इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले में जांच कर कर जरूरी कार्यवाही की जाए. जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने जमीन पर जबरन कब्जों के मामले में कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए. जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री दुलारा और आशीर्वाद दिया. इसके पहले गोशाला में जाकर गोसेवा की और गायों-गोवंश को गुड़-रोटी खिलाई.