गोरखपुर में बारिश से पहले अलर्ट मोड में Yogi Adityanath, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान अफसरों को कई दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने बारिश के पहले कुछ काम पूरे कराने के भी आदेश दिए. साथ ही लापरवाही बरतने पर सख्त फैसले लेने की बात भी कही.

देर शाम की समीक्षा: सीएम योगी बुधवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने जिले और महानगर में निर्माणाधीन सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली.

इन कामों को बारिश से पहले पूरा करने को कहा: उन्होंने दो तिहाई से अधिक भौतिक प्रगति वाली विकास परियोजनाओं में और तेजी लाते हुए उन्हें मानसून की दस्तक से पहले पूर्ण कराने के निर्देश दिए. समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यह संकेत भी दिए कि वह अपने अगले दौरे पर घंटाघर के बंधु सिंह पार्क बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और पांडेयहाता क्षेत्र में बनने वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास कर सकते हैं. सीएम योगी बुधवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने जिले और महानगर में निर्माणाधीन सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली.

हर काम की तय समय सीमा होती है: मुख्यमंत्री ने कहा कि हर विकास परियोजना की एक समय सीमा तय होती है. उसे उसी अवधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए. इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए. यह व्यावहारिक रूप से समझना होगा कि बरसात का मौसम शुरू होने पर खुले में होने वाला निर्माण कार्य प्रभावित होता है इसलिए विकास की जितनी भी परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उनसे संबंधित अधिकाधिक निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरे कर लिए जाएं.

सीएम ने ये भी आदेश दिए: समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने कहा कि अभी बारिश का मौसम शुरू होने में समय है लेकिन समय रहते यह सुनिश्चित करना होगा कि बरसात होने पर कहीं भी जलभराव न होने पाए. जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पिछले कुछ वर्षों में काफी अच्छा काम हुआ है, इसे लगातार उत्कृष्टता की ओर ले जाने की आवश्यकता है. समय रहते सभी नालों की सफाई का काम पूरा करने का निर्देश देने के साथ सीएम योगी ने कहा कि जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए गोड़धोइया नाला परियोजना पर गंभीरता से ध्यान देकर इसे जल्द पूर्ण कराने का प्रयास हो.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विरासत गलियारा के निर्माण की प्रगति, घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की स्थिति के बारे में जानकारी ली. साथ ही उन्होंने पांडेयहाता में बनने वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की कार्ययोजना के बारे में पूछा. उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर लोकार्पण और शिलान्यास की पूरी तैयारी रखें. सीएम योगी ने पटरी कारोबारी के व्यवस्थित पुनर्वास पर जोर देते हुए यह निर्देश भी दिए कि पटरी व्यापारियों को वेंडिंग जोन में सम्मानजनक जगह और पूरी सहूलियत दी जाए.

सीएम ने अर्पित की श्रद्धांजलि: इसके पूर्व सीएम बुधवार को सहजनवा के पूर्व विधायक शीतल पांडेय के रामगढ़ताल/तारामंडल क्षेत्र स्थित आवास पर जाकर उनके पुत्र मानवेंद्र पांडेय ‘मनु’ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किए. मानवेंद्र का मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया था. बुधवार शाम मुख्यमंत्री लखनऊ से गोरखपुर आए. एयरपोर्ट से वह सीधे पूर्व विधायक शीतल पांडेय के आवास पर पहुंचे. उन्होंने पूर्व विधायक के पुत्र मानवेंद्र पांडेय के चित्र पर पुष्प चढ़ाया और भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. गुरुवार की सुबह पिपराइच के लुहसी जाएंगे सीएम योगी. वह यहां के निवासी और गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त मारकंडेय यादव के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे. मारकंडेय यादव का बुधवार को निधन हो गया.