गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दरबार, बोले— हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता

गोरखपुर: सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मिले. उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद के लिए सरकार फिक्रमंद है. हर व्यक्ति की समस्या का समाधान करना सरकार का संकल्प है. उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि बिना किसी भेदभाव के लोगों की समस्याएं प्राथमिकता से हल की जाएं.

गोरखनाथ मंदिर मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की. सीएम योगी कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद पहुंचे. उनकी समस्याओं और शिकायतों को ध्यान से सुना. सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए.सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है. जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए. इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी. राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने शीघ्रता से निस्तारण के निर्देश दिए.सीएम योगी ने की गोसेवा: गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही. गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन करने तथा अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा समक्ष शीश झुकाने के बाद वह मंदिर परिसर के भ्रमण पर निकले.

मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की. गायों और गोवंश को स्नेहिल भाव से गुड़ खिलाया. गुरुवार सुबह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिजनों के साथ आए बच्चों से मिले. उन्हें प्यार-दुलार, आशीर्वाद और चॉकलेट भी दिया.