गोरखपुर में सीएम योगी बोले—अब माफियाओं की जमीनों पर बसेंगे गरीब, दीपावली से पहले हजारों को मिलेगा घर

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आयोजित ‘यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला’ के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. उन्होंने कार्यक्रम में साफ तौर पर कहा कि उत्तर प्रदेश में अब सरकारी जमीन पर किसी भी भूमाफिया का कब्जा नहीं रहेगा. जिन लोगों ने जमीनों पर अवैध कब्जा किया है, उनके निर्माण ध्वस्त कर वहां गरीबों के लिए आशियाने बनाए जा रहे हैं.उन्होंने बताया कि प्रयागराज में एक माफिया की जमीन पर कब्जा हटाकर गरीबों को घर दिए गए हैं, जहां 70 से अधिक परिवार रह रहे हैं. इसी तरह लखनऊ में भी ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले हजारों गरीबों को मकान दिए जाएंगे.

गोरखपुर में एक निजी बिल्डर के बनाए गए EWS और LIG फ्लैटों की चाबियां 120 लाभार्थियों को सौंपी गईं. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीपावली से पहले घर मिलने का शुभ अवसर है. उन्होंने गोरखपुर विकास प्राधिकरण को निर्देश दिया कि आवास योजना में आवंटन के लिए आए 9000 आवेदनों में से सिर्फ 120 को घर मिले हैं, इसका मतलब है कि मांग बहुत अधिक है और नई योजनाएं जल्द शुरू की जाएगी.

सीएम ने कहा कि माफिया राज अब खत्म हो चुका है. पहले ये लोग सरकारी जमीनों पर ऐश करते थे और फिरौती मांगते थे. अब सरकार ऐसी जमीनों पर गरीबों को घर देकर न्याय कर रही है. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 120 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया. उन्होंने कार्यक्रम में शामिल रवि किशन की गायकी की प्रशंसा भी की.

योगी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 60 लाख गरीबों को मुफ्त आवास मिल चुका है और आने वाले समय में पत्रकारों, शिक्षकों, डॉक्टरों और वकीलों तक के लिए भी आवासीय योजनाएं लाई जाएंगी.

इससे पहले सीएम ने स्वदेशी मेला का शुभारंभ किया और कहा कि उत्तर प्रदेश में आज बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून व्यवस्था और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के कारण देश-विदेश से निवेश आ रहा है.

ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में 2250 उद्यमियों ने भाग लिया और 11200 करोड़ रुपये की बिक्री हुई. आज यूपी में 96 लाख MSME यूनिट कार्यरत हैं, जिससे 2 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है. उन्होंने MSME को कृषि के बाद सबसे बड़ा रोजगारदाता बताया.
गोरखपुर में जनता दर्शन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की शाम गोरखपुर दौरे पर पहुंचे. शुक्रवार यानी आज सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया गया. योगी ने लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है इसलिए जन समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दें. जनता दर्शन के दौरान सीएम ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की.