गोरखपुर में CM योगी की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा, उमड़ा जनसैलाब

गोरखपुर: सोमवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में, गोरखपुर में निकाली गई तिरंगा यात्रा में हर वर्ग के लोगों का बड़ा हुजूम उमड़ा. नगर निगम के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में लोगों को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा झंडा फहराकर इस यात्रा की शुरूआत किया तो यह कारवां इतना लंबा और इतना विशाल नजर आ रहा था कि मानो पूरे गोरखपुर की जनता इस अभियान के साथ जुड़ गई हो.

विपक्ष पर बरसे सीएम योगी: इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहां कि जिस तिरंगे को हम सभी राष्ट्रीय ध्वज के रूप में सम्मान के साथ आज अपने घरों की छत पर फहरा रहे हैं, वह सम्मान पाने में देश के नागरिकों को काफी वक्त बिताना पड़ा है. यह अवसर तब मुमकिन हो पाया जब फ्लैग कोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में परिवर्तन करते हुए ससम्मान इसे हर घर पर फहराने का अधिकार दिया. जबकि कांग्रेस और अन्य सरकारों में लोग इसकी मांग करते रहे और उनके हाथ निराशा ही लगी.

हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारे सम्मान और समर्पण का प्रतीक है.- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री

अभियान को मिल रहा अपार समर्थन: सीएम योगी ने कहा कि, यही वजह है जब भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा अभियान पूरे देश में चल रहा है तो बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हो रहें हैं. उन्होंने लोगों से अपील किया कि अभियान में शामिल होने के बाद जो तिरंगा आपके हाथ में है उसे अपने घर ले जाइए, वहां उसे ससम्मान फहराइए और उसके साथ एक सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट कर अपना भाव व्यक्त करिए.

तीन किलोमीटर में 16 जगहों पर स्वागत: कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रानी लक्ष्मी बाई के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई. इसके पश्चात उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल , डॉ राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप के चित्रों पर भी माल्यार्पण कर देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा लक्ष्मी बाई पार्क से प्रारंभ होकर काली मंदिर, गोलघर होते हुए रेलवे स्टेशन तक लगभग तीन किलोमीटर तक निकाली गई. इस भव्य यात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया.

देश को आजादी अचानक नहीं मिली. हमें याद करना होगा कि किस प्रकार लखनऊ के काकोरी में चंद्रशेखर आजाद और उनके क्रांतिकारी साथियों ने मिलकर देश के खजाने को अंग्रेजों से लूटा था. लेकिन यह दुर्भाग्य है कि देश के अंदर यही पढ़ाया जाता रहा है कि काकोरी डकैती की घटना है. जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी ने काकोरी ट्रेन की घटना को लूट नहीं एक्शन नाम दिया.- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री

वीर सपूतों को नमन: इस दौरान सीएम योगी ने ठाकुर रोशन सिंह, अशफ़ाकउल्ला खान, राजेंद्र नाथ लहिड़ी जैसे क्रांतिकारियों को भी याद किया. जिन्हें फांसी दी गई थी. उन्होंने कहां इन क्रांतिकारियों की मूर्तियां पिछली सरकारों में नहीं रखने दी जाती थीं. उनके नाम पर संस्थाओं के नाम और सड़कों के नाम नहीं रखना दिए जाते थे. लेकिन आज इन क्रांतिकारियों को सम्मान दिया जा रहा है. हम लोगों नें इस अभियान का लक्ष्य रखा है 5 करोड़ घरों में तिरंगा लहराने का. 5 करोड़ में घर, इंस्टिट्यूशन, उद्योगों हर जगह राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र के प्रति प्रथम भाव के साथ यह कार्य किया जायेगा.

गोरखपुर में हर घर तिरंगा अभियान के इस भव्य आगाज ने शहरवासियों में देशभक्ति का नया उत्साह भर दिया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही. चप्पे- चप्पे पर पुलिस का पहरा रहा, वरिष्ठ अधिकारी बराबर निगरानी पर लगे रहे. एडीजी जोन, डीआइजी,मंडलायुक्त ,डीएम ,एसएसपी, नगर आयुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष, सीडीओ ,एसपी सिटी, एसपी नार्थ ,एडीएम सिटी , सीआरओ, एडीएम प्रशासन , अपर नगर आयुक्त,एसडीएम सदर, तहसीलदार सहित गैर जनपदों से आये हुए अधिकारी पुलिस के जवान सुरक्षा में तैनात रहे.