चंदौली:Chief Justice of India Suryakant in Chandauli: चंदौली में एकीकृत न्यायालय परिसर के शिलान्यास के लिए शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश विक्रम नाथ पंकज मित्तल, मनोज मिश्रा, राजेश बिंदल के साथ हाई कोर्ट इलाहाबाद के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली और न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ का भी आगमन हुआ। सारे अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ववलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। 286 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एकीकृत जिला न्यायालय भवन का शिलान्यास प्रस्तावित है। यह आधुनिक न्यायालय परिसर लगभग 35 बीघे क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि इंटीग्रेटेड कोर्ट भवन का निर्माण 1500 करोड़ की लागत से होगा। यहां आने वाले वादकारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। खास बात यह होगी कि एक छत के नीचे सारे काम होंगे।
यहां अधिवक्ताओं के चैंबर भी बनेंगे। कैंटीन की सुविधा होगी, जजों के आवास का निर्माण होगा। सुविधाएं सहजता के साथ नागरिकों को मिलेंगी। अप्रैल 2027 तक कोर्ट परिसर बन जाएंगे। कोर्ट परिसर में ही जजों के आवास होंगे। वर्तमान में शामली, औरैया , हाथरस, महोबा, अमेठी में भी इंटीग्रेटेड कोर्ट भवन हैं। न्यायालय भवन का मॉडल भी सामने आ चुका है, जिसमें प्रस्तावित परिसर अत्यंत भव्य और आकर्षक नजर आ रहा है।
वादकारियों को मिलेगी व्यवस्था
286 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बनने वाला यह एकीकृत न्यायालय भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। एक ही छत के नीचे सभी न्यायालय कक्ष, अधिवक्ताओं के चैंबर तथा वादकारियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर संचालित न्यायिक कार्य एक ही परिसर में आने से समय की बचत होगी और आम जनता को न्याय सुलभ हो सकेगा। अधिवक्ताओं के लिए सुसज्जित चैंबर, भव्य सभागार, पार्क, फूड कोर्ट और पार्किंग की व्यवस्था होगी। यह भवन वादकारियों और अधिवक्ताओं को काफी सहूलियत प्रदान करेगा और न्याय प्रक्रिया में तेजी लाएगा।