चार करोड़ की मॉर्फिन के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक फरार; बरेली में देने आया था सप्लाई

बरेली:बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में मिनी ट्रक लेकर अपने साथी को मार्फिन देने आए शाहजहांपुर निवासी तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से मार्फिन बरामद कर मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में इसका खुलासा किया। एसपी सिटी ने बताया कि तस्कर पूर्वोत्तर के राज्यों से मार्फिन लाकर स्मैक बनाने में उसका इस्तेमाल करते थे। एसपी सिटी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सोमवार रात बारादरी थाना पुलिस डोहरा रोड पर छात्रावास के पास पहुंची। वहां डीसीएम के पास एक शख्स बैग लेकर खड़ा था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, जबकि पास खड़ा एक अन्य साथी भाग निकला। पकड़े गए शख्स ने अपना नाम सिराज अहमद और खुद को मोहल्ला बंगसान थाना मीरानपुर कटरा जिला शाहजहांपुर का रहने वाला बताया।चार किलो 186 ग्राम मार्फिन बरामद

पूछताछ में सिराज ने बताया कि उसके पास मार्फिन है। थाना पुलिस ने सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को मौके पर बुला लिया। पंकज श्रीवास्तव के सामने सिराज की तलाशी ली गई तो उसके पास से चार पैकेट में चार किलो 186 ग्राम मार्फिन बरामद की गई। आरोपी से बरामद मार्फिन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में चार करोड़ रुपये 15 लाख रुपये बताई गई है।

 

आरोपी सिराज ने बताया कि कुछ दिन पहले अपने साथी भमोरा थाने के देवचरा निवासी सुरेंद्र शर्मा के कहने पर हरियाणा से यह मार्फिन मिनी ट्रक में रखकर लाया था। जब वह सुरेंद्र को मार्फिन देने आया तभी पुलिस ने पकड़ लिया जबकि सुरेंद्र भाग निकला। एसपी सिटी ने बताया कि बारादरी थाने में सिराज और सुरेंद्र शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मिनी ट्रक को सीज कर दिया गया है। सुरेंद्र की तलाश की जा रही

है।