नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की. बैठक के बारे में जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और चीन अपने राजनयिक संबंधों को लेकर लगातार प्रगति कर रहे हैं.
पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, “पिछले साल कजान में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मेरी मुलाकात के बाद से भारत-चीन संबंधों ने एक-दूसरे के हितों के सम्मान के साथ निरंतर प्रगति की है.” अपनी मुलाकात के दौरान यी ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग का SCO शिखर सम्मेलन के लिए एक मैसेज और निमंत्रण सौंपा.
पीएम मोदी आगे कहा, “मैं शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर तियानजिन में होने वाली हमारी अगली मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं. भारत और चीन के बीच स्थिर, पूर्वानुमानित और रचनात्मक संबंध क्षेत्रीय, वैश्विक शांति और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.
अजीत डोभाल से चीनी विदेश मंत्री की मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी से अपनी मुलाकात से पहले चीनी विदेश मंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से भी मुलाकात की.प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा पर शांति बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया और सीमा विवाद के निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
चीन का दौरा करेंगे पीएम मोदी
बता दें कि प्रधानमंत्री 31 अगस्त को SCO शिखर सम्मेलन के लिए चीन का दौरा करेंगे. यह यात्रा 2018 के बाद से उनकी की पहली चीन यात्रा होगी. भारत और चीन के बीच संबंधों में आई मधुरता के बीच प्रधानमंत्री पिछले साल रूस के कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात कर चुके हैं.
2024 में ब्रिक्स बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “सीमा पर शांति और सौहार्द बनाए रखना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए और आपसी विश्वास, आपसी सम्मान के साथ-साथ आपसी संवेदनशीलता को हमारे संबंधों का आधार बने रहना चाहिए. मुझे विश्वास है कि हम खुले दिल से बातचीत करेंगे और हमारी चर्चाएं रचनात्मक होंगी.