लखनऊ:भारतीय जनता पार्टी ने पंचायत और विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में लखनऊ के बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाकर पार्टी की नीतियां प्रभावी ढंग से पहुंचाने का मंत्र दिया।कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रशिक्षण महाभियान के राष्ट्रीय संयोजक ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि जो सीखता है वही आगे बढ़ता है। जिस दिन सीखना बंद होगा, उसी दिन आपका विकास भी रुक जाएगा। धनखड़ ने प्रशिक्षण महाअभियान को संगठन सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय और प्रभावी बनाएगा।इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जा रहा है। इससे संगठन की मजबूती, विस्तार और अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
बनाई गई योजना
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रशिक्षण महाअभियान को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बूथ स्तर तक सक्रिय और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। प्रशिक्षण महाभियान के अन्तर्गत प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग तीन दिन का होगा। जबकि जिला स्तर पर दो दिन व मंडल स्तर चौबीस घंटे की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जबकि बूथ स्तर पर दो सत्रों में वर्ग आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण महाभियान के उत्तर पूर्व क्षेत्र (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार) के प्रभारी व सांसद अमर पाल मौर्य ने पीपीटी के माध्यम से पूरे प्रशिक्षण अभियान के संदर्भ में विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए रूपरेखा साझा की। उत्तराखंड के पूर्व महामंत्री राजू भंडारी ने भी प्रशिक्षण महाभियान के संदर्भ में कार्यशाला को संबोधित किया। वहीं, एमएलसी अनूप गुप्ता को महाभियान के लिए प्रदेश संयोजक बनाया गया है। जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, त्रयम्बक त्रिपाठी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, विभाग/प्रकोष्ठ के संयोजक ओमप्रकाश श्रीवास्तव, प्रदेश मंत्री मीना चौबे और सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अंकित सिंह चन्देल को सहसंयोजक बनाया गया है।