जनता दर्शन में पहुंचे फरियादी, इलाज और भू-माफियाओं से राहत की लगाई गुहार

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में दूर दराज से आए फरियादियों से मुलाकात की और उन्हें न्याय का भरोसा दिया. जनता दर्शन में करीब 200 फरियादी पहुंचे थे. समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए. इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें जमीन और इलाज से संबंधित थीं. इलाज के लिए सीएम ने आयुष्मान कार्ड बनवाने के साथ विवेकाधीन कोष से भी मदद का आश्वासन दिया. वहीं केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरु गोरखनाथ के किए दर्शन किए.

गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 200 लोगों से मिले. सीएम ने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक जाकर उनकी समस्याएं सुनीं. प्रार्थना पत्र लेने के बाद अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए.

अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए. जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं. मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया.

हरदीप पुरी
ने गुरु गोरखनाथ के किए दर्शन, मांगा आशीर्वाद

गोरखपुर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास के पहले गोरखपुर पहुंचे केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरु गोरखनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन किए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, सदर सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे

हरदीप पुरी गोरखपुर से 20 किलोमीटर दूर ताल नदौर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे थे. इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 30 हजार दर्शक मैच का आनंद ले सकेंगे, यह स्टेडियम ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ के हिसाब से बनेगा। इसके मेन ग्राउंड पर खिलाड़ियों के लिए 7 प्लेइंग पिच और 4 प्रैक्टिस पिच होगी. हालांकि हरदीप पुरी पहले गोरखनाथ मंदिर गए जहां योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया.