जनता दर्शन में सीएम योगी का निर्देश, हर जरूरतमंद तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

गोरखपुर: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में प्रवास के तीसरे दिन पूजा अर्चन के बाद, पहुंचे फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के निदान का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री ने फरियादियों से कहा कि आप की समस्या का समाधान ही सरकार की संतुष्टि है, इसलिए आपकी समस्या कोई भी हो, उसे गंभीरता से सुनकर निस्तारण किया जाएगा.

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे. एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना, उनके प्रार्थना पत्र लिए और निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी होना चाहिए.

इस अवसर पर सीएम ने लोगों से कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जन समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाएं.

जनता दर्शन में एक महिला ने सीएम योगी से कहा कि उनके पास रहने के लिए अपना मकान नहीं है. मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उन्हें सरकार की योजना के तहत आवास दिलाया जाएगा. हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा.

एम्स दिल्ली में इलाज कर रही महिला को सीएम ने राहत कोष से आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया. एक अन्य महिला की इलाज संबंधी समस्या सुनने के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके इलाज की व्यवस्था गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में की जाए.

जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए. जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को सीएम योगी ने खूब दुलारा और आशीर्वाद दिया. साथ ही उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दी. मुख्यमंत्री ने परिजनों से कहा कि वे अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें.