मथुरा : कृष्ण की नगरी मथुरा में जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारी जोरों पर है. जन्माष्टमी महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 3 सितंबर को मथुरा पहुंचेंगे और 446 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर प्रशासन कर रहा पूरी तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन श्री बांके बिहारी मंदिर और श्री कृष्ण जन्म स्थान मंदिर के दर्शन भी करेंगे. इसके लिए पूरी तैयारी की जा रही है.
भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर 3 सितंबर को मथुरा पहुंचेंगे. दोपहर बाद मुख्यमंत्री का आगमन होगा और वो वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करेंगे.
सीएम वृंदावन में श्री हरिदास सभागार का भी लोकार्पण करेंगे. 4 सितंबर को सुबह श्री कृष्ण जन्म स्थान मंदिर के दर्शन करेंगे और प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी जाएगी.
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री देंगे 446 करोड़ की सौगात
सीएम योगी के दौरे पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण होगा.
जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली को 446.09 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है.
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे.
इनमें 263.69 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा और पूरी हो चुकी 23 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा. लोकार्पित परियोजनाओं पर 182.39 करोड़ रुपये की लागत आई है.
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सीईओ एवं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद से गोवर्धन तहसील के ऊंचागांव में सखीगिरी पर्वत के 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र का ईको-रेस्टोरेशन है.
इसके साथ ही महावन के प्रेमनगर स्थित बौद्ध विहार परिसर में पर्यटक सुविधाओं का विकास, शेरगढ़ स्थित श्री दाऊजी मंदिर परिसर का संरक्षण है. साथ ही पंडाल, पार्किंग एवं सुलभ प्रसाधन का निर्माण, फरह के दीनदयाल धाम में पर्यटन अवस्थापना केंद्र का निर्माण शामिल है.
इसके साथ ही वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित भवनों में फसाड़ लाइटिंग, सौंदर्यीकरण एवं साइनेज तथा गोवर्धन में पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है.
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की प्रमुख परियोजनाओं में छाता क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का निर्माण, छटीकरा-वृंदावन मार्ग का सौंदर्यीकरण, मथुरा कट से टैंक चौराहा मार्ग का सौंदर्यीकरण होना है.
इसके साथ ही लक्ष्मी नगर तिराहे से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क का उच्चीकरण, बरसाना परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग एवं पर्यटक सुविधाओं का विकास है. इसके साथ ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास गलियों और मार्गों पर स्ट्रीट फसाड का विकास शामिल है.
उन्होंने बताया कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद की लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में अकबरपुर जैत में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, करहला में बज्रनाभ समाधि का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण है.
इसके साथ ही वृंदावन के सुनरख में सौभरि ऋषि वाटर बॉडी का सौंदर्यीकरण, नौहझील के झाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विकास और पानीगांव स्थित यमुना पुल पर फसाड लाइटिंग शामिल है.
मथुरा परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण एवं विकास, विभिन्न भाषाओं में साइनेज बोर्ड, गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में गेस्ट हाउस, यमुना एक्सप्रेस-वे से पागल बाबा मंदिर-वृंदावन रोड पर नया प्रवेश द्वार तथा जनपद के विभिन्न बॉर्डर प्वाइंट पर भव्य प्रवेश द्वार भी लोकार्पित किए जाएंगे.
इसके अलावा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की लोकार्पण परियोजनाओं में केशीघाट पर फसाड लाइटिंग, वृंदावन कुंभ मेला मैदान में श्रद्धालुओं के लिए शेड शामिल है. इसके साथ ही बरसाना में यात्री शेड, वॉटर प्वॉइंट, होल्डिंग एरिया एवं शौचालय का लोकार्पण होगा.