वृंदावन: जन्माष्टमी से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रजवासियों को 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात देकर खुशियों की ‘मटकी’ भर दी। स्वामी श्रीहरिदास प्रेक्षागृह के लोकार्पण के साथ मुख्यमंत्री ने संतों को सम्मानित किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, चेक और चाबियां प्रदान कीं। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7240 लाभार्थियों को सहायता राशि का वितरण किया गया।
महंत विजय कौशल दास, फूलडोल दास, सुतीक्ष्णदास महाराज, बलरामदास, रामदेवानंद, गोविंद नंद तीर्थ, अनंतवीर महाराज, सनत जी महाराज, स्वामी महेशानंद गिरी, किशोर दास देवजू, सुंदर दास, राम स्वरूप ब्रह्मचारी, लाडली शरण महाराज और हरिशंकर नागा को सम्मानित किया। कार्यक्रम में हनुमान प्रसाद धानुका स्कूल की 15 छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद ‘कलर्स ऑफ कृष्णा’ के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। शिवोअहं प्रोडक्शन के 51 कलाकारों ने देश की विभिन्न नृत्य शैलियों के जरिए श्रीकृष्ण के अलग-अलग स्वरूप और भाव प्रस्तुत किए। इस प्रस्तुति की कोरियोग्राफी बीएचयू वाराणसी की कथक नृत्यांगना शिवानी मिश्रा ने की। वहीं पूर्व आईएएस आराधना जौहरी की पुस्तक का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने गीता शोध संस्थान परिसर में लगी प्रो-पुअर प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने तुलसी की माला, ठाकुरजी की पोशाक, फूलों से तैयार उत्पाद, गोबर से बने उत्पाद, खाद्य सामग्री और नर्सरी से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए। उन्होंने एकीकृत पुष्प प्रबंधन केंद्र, तुलसी फसल भंडार एवं उत्पादन केंद्र जैत, सेंटर फॉर लिविंग ट्रेडिशन्स और राधाकृष्ण पोशाक सेंटर के प्रतिरूप भी देखे। स्टॉलों पर मौजूद महिलाओं और उद्यमियों ने मुख्यमंत्री को अपने उत्पाद और काम की जानकारी दी।