नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करके उनके 75वें जन्मदिन की बधाई दी. यह पहली बार है जब महीनों बाद दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई है, जिसे अमेरिका की नई पहल के रूप में देखा जा रहा है ताकि दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव को कम किया जा सके और रिश्तों को फिर से मजबूत किया जा सके.
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप के इस फोन कॉल के लिए आभार व्यक्त किया और ट्विटर (X) पर भी धन्यवाद संदेश जारी किया. उन्होंने लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति ट्रंप का उनके फोन कॉल और 75वें जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. मैं भी आपकी तरह भारत-अमेरिका के व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं. हम यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए आपकी पहल का समर्थन करते हैं.”यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में खटास आ गई थी, खासकर अमेरिकी सरकार द्वारा भारत पर टैरिफ लगाने के बाद. इससे पहले भारत और अमेरिका ने नई दिल्ली में छठे दौर की द्विपक्षीय व्यापार वार्ता भी पूरी की, जो लंबे समय से लंबित व्यापार समझौते की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
व्यापार वार्ता लगभग सात घंटे चली और इसमें दोनों पक्षों ने आपसी हित में जल्द से जल्द एक समझौते पर पहुंचने का संकल्प जताया. भारत की ओर से इस वार्ता का नेतृत्व अतिरिक्त सचिव राजेश अग्रवाल ने किया, जबकि अमेरिकी टीम की अगुवाई ब्रेंडन लिंच ने की. दोनों पक्षों ने सकारात्मक और आगे बढ़ने वाली बातचीत के बारे में बताया है.
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर हुई इस वार्ता को राजनीतिक स्तर पर एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, जो दोनों देशों के बीच व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों को पुनः गति देने में मदद कर सकती है. दोनों नेता भारत-यूएस के साझेदारी को गहरा और व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते पर लंबे समय से चल रही बातचीत के बाद यह नया राजनीतिक संपर्क उम्मीद जगा रहा है कि आने वाले महीनों में द्विपक्षीय संबंधों में सुधार होगा और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ेगा.