दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने नव निर्वाचित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से की मुलाकात, नए कार्यों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को भारत के नवनिर्वाचित 15वें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर विजेंद्र गुप्ता ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल को विशिष्ट, प्रभावशाली एवं सफल होने की मंगलकामना की. उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन का सार्वजनिक जीवन का व्यापक अनुभव, सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनका दृढ़ समर्पण राष्ट्र के लिए एक अमूल्य धरोहर सिद्ध होगा.

उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने के दूसरे ही दिन मुलाकात कर विधानसभा अध्यक्ष में उन्हें दिल्ली विधानसभा की नवीन कार्यों से अवगत कराया. इसमें दिल्ली विधानसभा में आयोजित ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस 2025 का उल्लेख किया गया, जो केंद्रीय विधानसभा के पहले भारतीय निर्वाचित अध्यक्ष विठ्ठलभाई पटेल की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था. साथ ही, नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के अंतर्गत दिल्ली विधानसभा को पूर्णतः डिजिटल करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी, जिसका उद्देश्य पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए कागज-रहित वातावरण स्थापित करना है.

इसके अतिरिक्त, अध्यक्ष ने दिल्ली विधानसभा को एक विरासत परिसर के रूप में विकसित करने की दूरदर्शी पहल भी साझा की, जिसका उद्देश्य विधानसभा की स्थापत्य एवं ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए उसमें आधुनिक सुविधाओं का समावेश करना है. बता दें कि, एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन 15वें उपराष्ट्रपति चुने गए हैं. उन्होंने विपक्षी इंडिया ब्लॉक के बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोट से हराया. उन्हें कुल 452 वोट मिले, जबकि बी सुदर्शन रेड्डी को कुल 300 वोट ही मिल सके. इससे पहले मंगलवार को चुनाव संपन्न हुआ, जिसके दौरान 98.2 प्रतिशत मतदान हुआ था.