नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में थे, इसलिए अगले दिन यानि मंगलवार को सीएम प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उनके पति मनीष गुप्ता और बेटा व बेटी भी मौजूद रहे.
सीएम ने इस मुलाकात को लेकर ‘एक्स’ पर लिखा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं. उनका सान्निध्य और उनका आशीर्वाद नई ऊर्जा और संकल्प के साथ दिल्ली की सेवा में और अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा देता है.’ उन्होंने इस मुलाकात के लिए समय और मार्गदर्शन के लिए पीएम का आभार जताया.इससे पहले दीपावली के मौके पर सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी. इसके बाद देर शाम राजनिवास स्थित मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में परिवार के संग दीपावली पर भगवान लक्ष्मी और गणेश की पूजा की थी. सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि हम पर्व पर एक-दूसरे से प्यार और भाईचारा बढ़ाने का संकल्प लें. उन्होंने लोगों से अनुरोध किया था कि दिल्ली को प्रदूषण से बचाने के लिए ग्रीन पटाखों का ही उपयोग करें, उन्होंने कहा कि देश की राजधानी के पर्यावरण को सुरक्षित रखना हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है.
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा था कि उजाले, वैभव और मिलन के पर्व दीपावली को हम शांति और सद्भाव के साथ मनाएं. रोशनी का यह त्योहार आपके और आपके परिवार के जीवन में नई ऊर्जा, अपार सुख और समृद्धि लेकर आए. दीपावली केवल दीयों का नहीं, बल्कि सकारात्मकता, एकता और हमारे साझा भविष्य के संकल्पों का पर्व है. यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की, असत्य पर सत्य की और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है.छठ पूजा की तैयारियों पर दी जानकारी: दिल्ली की मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राजधानी के विकास, स्वच्छ यमुना अभियान और आगामी छठ पूजा की तैयारियों से संबंधित विषयों पर जानकारी दी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार यमुना के कायाकल्प को लेकर पूर्ण प्रतिबद्ध है. इसके तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की क्षमता बढ़ाई जा रही है, ड्रेनों से निकलने वाले अपशिष्ट जल को शुद्ध करने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है और उद्योगों के अपशिष्ट पर सख्त निगरानी भी रखी जा रही है. इसके साथ ही यमुना के तटों पर हरित पट्टी विकसित की जा रही है और नदी में अवैध अपशिष्ट फेंकने पर रोक लगाई जा रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि आगामी वर्षों में यमुना दिल्लीवासियों के लिए स्वच्छ और जीवनदायिनी नदी के रूप में नव-जीवन प्राप्त कर ले.
छठ महापर्व भारतीय संस्कृति का प्रतीक: सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी को यह भी बताया कि राजधानी में इस बार छठ पूजा को भव्य और दिव्य बनाने के लिए दिल्ली सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है. उन्होंने कहा कि यमुना नदी के दोनों किनारों पर विशेष छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं, जहां व्रतधारियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और मोबाइल शौचालय जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. संबंधित विभाग के अधिकारी लगातार घाटों की सफाई और जल गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है और दिल्ली सरकार चाहती है कि यह पर्व श्रद्धा, भक्ति और स्वच्छता के साथ संपन्न हो.