निषाद पार्टी की नई घोषणा: व्यास मुनि बने यूपी अध्यक्ष, संजय निषाद की लिस्ट से मचा सरप्राइज़

लखनऊ: निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल यानी निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने पार्टी में बड़ा फेरबदल किया है. निषाद ने कई पदाधिकारियों के कार्यक्षेत्र को बदल दिया है. उन्होंने नए पदाधिकारियों की सूची भी जारी कर दी है. प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है और नए लोगों को प्रदेश की कार्यकारिणी में जगह दी है. व्यास मुनि निषाद को उत्तर प्रदेश का नया अध्यक्ष घोषित किया है. उम्मीद जाहिर की है कि नए पदाधिकारी अपने पद का दायित्व निभाते हुए पार्टी को मजबूत करेंगे.

निषाद पार्टी के अब तक प्रदेश अध्यक्ष रहे राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रविन्द्र मणि निषाद को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है. उन्हें राष्ट्रीय सचिव बनाने के साथ ही राष्ट्रीय कार्य समिति और बिहार प्रदेश का प्रभारी बनाया है.

रविंद्र मणि निषाद की जगह अब नए प्रदेश अध्यक्ष व्यास मुनि निषाद होंगे. वर्तमान में ब्यास मुनि निषाद प्रदेश अध्यक्ष संगठन का दायित्व निभा रहे थे. इसके अलावा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य और पार्टी के आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष मिठाई लाल निषाद को राष्ट्रीय सचिव बनाने के साथ ही बिहार का सह प्रभारी भी बनाया है.

राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी निषाद जो महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, अब उन्हें राष्ट्रीय सचिव और बिहार सह प्रभारी का दायित्व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने सौंपा है. प्रदेश कार्यकारिणी में बाबूराम निषाद को भी जगह दी गई है. उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है.

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ महासचिव अमेरिकन बिंद ने बताया कि नए पदाधिकारियों को बड़ा दायित्व मिलने से अब पार्टी एक बार फिर पूरी ऊर्जा के साथ काम में जुटेगी. इसका फायदा आने वाले चुनाव में पार्टी को जरूर मिलेगा.