नोएडा में कल से दौड़ेंगी 45 ई-बसें, जानिए कितना होगा न्यूनतम और अधिकतम किराया

ग्रेटर नोएडा:गौतमबुद्ध नगर जिले में 12 जून से बसों का संचालन शुरू होना है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बसों को लखनऊ से हरी झंडी दिखाएंगे। इन बसों का किराया भी तय हो गया है।

तीनों प्राधिकरण और यूपी रोडवेज के बीच बनी सहमति के मुताबिक, न्यूनतम किराया 20 रुपए होगा। वहीं अधिकतम किराया 50 रुपए तय किया गया है। ऐसे में एसी बस में गर्मी के बचाव खुद का करते हुए यात्रा न्यूनतम किराए में लोग कर सकेंगे।

यह किराया किमी के मुताबिक रहेगा। 10 किमी तक की यात्रा पर 20 रुपए, 30 किमी तक की यात्रा पर 30 रुपए और इससे अधिक यात्रा पर किराया 50 रुपए रहेगा। किराया न्यूनतम रखने के कारण अधिक से अधिक लोग सुविधा का उपयोग कर रहे हैं।

45 बस का होगा अभी संचालन
यूपीएसआरटीसी के एमडी प्रभु एन सिंह ने बताया कि कुल 45 बसों का संचालन 12 जून से होगा। इसमें लखनऊ से 11 बस सीएम खुद रवाना कर रहे हैं। इसके अलावा यमुना सिटी, ग्रेटर नोएडा और नोएडा से इतनी ही संख्या में बस चलाई जानी हैं।

किसी एक लोकेशन पर बस की संख्या 12 हो सकती है। जल्दी ही सभी 110 बस का संचालन हम शुरू कर देंगे। राइडरशिप अच्छी मिली तो यह संख्या और बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री का निर्देश है। इसकी तैयारी भी हमने शुरू कर दी है।

यूपी का पहला इलेक्ट्रिक डिपो भी बनकर तैयार
एमडी प्रभु एन सिंह ने बताया कि इन बस के संचालन के साथ ही प्रदेश में एक उपलब्धि और हमारे साथ जुड़ेगी। नोएडा के सेक्टर 90 में पहला इलेक्ट्रिक डिपो बनकर तैयार हो गया है। यहां से सिर्फ ई बस ही चलाई जानी हैं। इसका इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित कर लिया गया है।

आज किया गया बसों का ड्राई रन
12 जून से बसों का कमर्शियल रन शुरू करने से पहले बृहस्पतिवार को गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न रूट पर ड्राई रन ट्रायल के लिए यूपी रोडवेज ने किया है। इसकी निगरानी भी यूपीएसआरटीसी के मुख्यालय से की गई। बसों को ड्राई रन के लिए नोएडा इलेक्ट्रिक डिपो से टेस्ट रन के लिए रवाना किया गया।