नौतपा पर बारिश का असर, अगले 5 दिन बरसेंगे बादल; जानिए मौसम का ताजा अपडेट

लखनऊ: पिछले दिनों सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश में आंधी पानी और ओले गिरने का सिलसिला कम होगा. प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में आज और आने वाले 5-6 दिनों तक कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश और तेज रफ्तार हवा चल सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम ड्राई रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी दो-तीन दिन बाद कुछ स्थान पर गरज चमक के साथ बारिश और आंधी चलने की संभावना है. बता दें कि यूपी में इस वक्त नौतपा चल रहे हैं. 25 मई से नौतपा दो जून तक रहेंगे.

पिछले 24 घंटे में बारिश के टॉप 10 जिले: पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश संभल जिले में 34.7 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई, इसके अलावा मुरादाबाद में 19.2 मिलीमीटर, बुलंदशहर 10.8 मिलीमीटर, इटावा 8.8 मिलीमीटर, अमरोहा 7.8 मिमी, लखनऊ 7.4 मिमी, कन्नौज 7.4 मिलीमीटर, हरदोई 10.01 मिमी, बलिया 9.6 मिमी रिकॉर्ड की गई.

लखनऊ में बारिश की चेतावनी: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को बादलों की आवा जाहि रहेगी, कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

फर्रुखाबाद सबसे गर्म जिला: सोमवार को उत्तर प्रदेश का फर्रुखाबाद सबसे गर्म जिला रहा, यहां पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश की तीव्रता में आने वाले दिनों में कमी आएगी. जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है. बीच-बीच में बादलों की आवाजाही और कुछ इलाकों में हल्की बारिश के कारण 6-7 दिनों तक हीट वेव कंडीशन से प्रदेशवासियों को राहत मिली रहेगी.