प्रदर्शन करने बनारस पहुंची अपना दल कमेरावादी नेता पल्लवी पटेल , पुलिस ने लिया हिरासत में

वाराणसी: NEET समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के खिलाफ सिराथू विधायक पल्लवी पटेल बनारस की सड़कों पर सोमवार को विरोध करने पहुंची. पुलिस ने समर्थकों के साथ उन्हें हिरासत में ले लिया है. बता दें कि बीएचयू से संसदीय जनसंपर्क कार्यालय तक पुलिस फोर्स तैनात है. दल को किसी भी तरह के धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी. कमिश्नर के मुताबिक जबरदस्ती प्रदर्शन के चलते पल्लवी पटेल को हिरासत में लिया गया है.इसके पहले वाराणसी पुलिस प्रशासन की ओर से तमाम नेताओं को नजर बंद कर दिया गया. लखनऊ से वाराणसी आ रही पल्लवी पटेल को जहां रास्ते में रोक दिया गया था. इके बाद वह बनारस पहुंची और समर्थकों के साथ प्रदर्शन करने लगी. पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

पार्टी नेताओं को किया जा रहा हाउस अरेस्ट: बता दे कि विरोध करने से पहले ही प्रशासन द्वारा पार्टी से जुड़े नेता कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया जा रहा है. इस क्रम में अपना दल कमेरावादी के जिलाध्यक्ष संजय पटेल के घर कपसेठी पुलिस, किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान के यहां सारनाथ पुलिस मौजूद है.यही नहीं अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ई. पारुल पटेल से महिला पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रही है. पार्टी के वाराणसी मण्डल अध्यक्ष उमेश चंद्र मौर्य मीरपुर को हाउस अरेस्ट कर दिया गया है.

कार्यकर्ता कर रहे विरोध: हाउस अरेस्ट को लेकर के पार्टी के नेता व कार्यकर्ता खासा आक्रोशित है. उनका कहना है कि वर्तमान सरकार आवाज उठाने पर भी रोक रही है. पार्टी के प्रदेश महासचिव गगन यादव ने बताया कि वाराणसी और अगल-बगल के जनपद के सभी लोग अपना दल कमेरावादी के पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. डॉ पल्लवी पटेल पिंडरा विधानसभा को पुलिस ने हिरासत में लिया है.