फतेहपुर : असोथर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद हड़कंप मच गया. पीड़ित परिवार और हिंदू संगठनों ने घटना को कथित लव जिहाद एवं धर्मांतरण से जोड़ते हुए पुलिस प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है.
लापता महिला के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव निवासी शकील खान उनके बेटे का मित्र था और इसी वजह से उसका घर पर लगातार आना-जाना था. शकील ने परिवार का विश्वास जीतने के बाद उनकी शादीशुदा बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया.परिवार का यह भी दावा है कि महिला अपने साथ घर में रखे जेवरात और नकदी भी ले गई है. सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में असोथर थाने पहुंच गए.हिंदू संगठन के नेता धर्मेंद्र सिंह उर्फ जनसेवक ने आरोप लगाया कि यह मामला सुनियोजित तरीके से हिंदू युवतियों को निशाना बनाने और धर्मांतरण कराने से जुड़ा हो सकता है. उन्होंने शकील के साथ सलमान नामक व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की.
मामले को लेकर हिंदू संगठनों में आक्रोश देखा गया. संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम नहीं उठाए गए तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. महिला की बरामदगी तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है. मामले के सभी पहलुओं, जिनमें धर्मांतरण संबंधी आरोप भी शामिल हैं, की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है.