फिरोजाबाद में लगेगा बड़ा रोजगार मेला, नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका

फिरोजाबाद: जिला सेवायोजन कार्यालय की पहल पर हुनरमंद युवाओं को नौकरी मिलने का मौका सामने आया है. जनपद में 12 सितंबर को वृहत रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा जिसमें देश-प्रदेश की कई नामी कंपनियां भाग लेंगी और साक्षात्कार के जरिये उन्हें नौकरी देंगी. खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए ‘rojgaarsangam.up.gov.in’ पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है. सुहागनगरी के बेरोजगार युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए रोजगार पाने का एक शानदार मौका है.

जिला सेवा योजन अधिकारी खुशबू शाक्या को मुताबिक जिला सेवायोजन कार्यालय फिरोजाबाद एवं महात्मा गांधी महाविद्यालय (एस. एन. रोड, फिरोजाबाद) के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 12 सितंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से महात्मा गांधी महाविद्यालय, एस. एन. रोड, फिरोजाबाद के प्रांगण में एक दिवसीय निःशुल्क वृहद रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है.

तय कार्यक्रम के मुताबिक कार्यक्रम का शुभारम्भ सदर विधायक मनीष असीजा द्वारा किया जाएगा. जिला सेवा योजन अधिकारी खुशबू शाक्या ने जनपद के योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में महात्मा गांधी महाविद्यालय पहुंचकर इस निःशुल्क रोजगार मेले में भाग लेने और योजना का लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की अपील करते हुए बताया कि, इस मेले में देश और प्रदेश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के नियोजक (Recruiters) शिरकत करेंगे और बेरोजगार अभ्यर्थियों का सीधे साक्षात्कार (Interview) लेकर चयन प्रक्रिया सम्पादित करेंगे

उन्होंने बताया कि, रोजगार मेले में प्रतिभाग करने या चयन की पूरी प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. यह प्रक्रिया पूरी तरह से निःशुल्क है. इसके लिए, रोजगार मेले में भाग लेने वाले बेरोजगार अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के आधिकारिक वेब पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा तथा, साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र (Marksheets & Certificates), पासपोर्ट साइज फोटो और अपना रिज्यूम (Resume) साथ लाना आवश्यक है.