बलरामपुर दौरे पर सीएम योगी, थारू जनजाति के छात्रों से की मुलाकात; विकास कार्यों का लिया जायजा

बलरामपुर: प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को 2 दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे हैं. योगी ने दूसरे दिन गुरुवार को देवी दर्शन कर पूजा-अर्चना की. गायों को गुड़ और चूरा खिलाकर गौसेवा की. मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर विकास कार्यों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने थारू जनजातियों के छात्रों से भी मिलकर हालचाल जाना.

बलरामपुर प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री ने तुलसीपुर के आदिशक्ति पीठ देवी पाटन मंदिर में देवी दर्शन कर पूजा अर्चना की. उसके बाद गोशाला जाकर गायों को गुड़ और चूरा खिलाकर गौसेवा की. मुख्यमंत्री ने चैत नवरात्रि में लगने वाले मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया.उन्होंने निर्देश दिया कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालुजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, यह अभी से ही सुनिश्चित कर लिया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने मां पार्टेश्वरी छात्रावास में थारू जनजाति के छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने छात्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए.

आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए जनपद के विकास का पूरा भरोसा दिलाया. सीएम से बलरामपुर के सदर विधायक पलटू राम, तुलसीपुर के विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका परिषद चेयरमैन धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने मिलकर जिले के विभिन्न विकास कार्यों को कराए जाने की मांग रखी.

नगर पालिका परिषद बलरामपुर के चेयरमैन धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने बलरामपुर झारखंडी रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज की मांग की और हनुमानगढ़ी से लेकर नहर बालागंज और गेलहापुर सड़क चौड़ीकरण की मांग की.