आगरा: बहनों को भाई दूज पर भाई के घर जाने में कोई परेशानी न हो इसके लिए परिवहन निगम ने पूरी तैयारी की है. निगम ने दीपावली पर जो बसें संचालित की थीं वे लगातार संचालित होती रहेंगी. इसके साथ ही रोडवेज ने बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए हैं. आगरा जिले से हर मार्ग के लिए हर 20 मिनट पर बसें मिलेंगी.
बता दें कि दीपोत्सव को लेकर यूपी राज्य परिवहन निगम की ओर से 747 बसों का संचालन किया गया. ये बसें दीपावली, भैया दूज और छठ पर्व से पहले विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए ये इंतजाम कराए. मगर, दीपावली पर कई मार्गों पर अधिक भीड़ की वजह से यात्रियों को बस के लिए इंतजार करना पड़ जाता है. इसलिए, परिवहन निगम ने भैया दूज पर कुछ बदलाव भी किए हैं.
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के आगरा क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि बसों का संचालन किया जा रहा है. आगरा से दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, बरेली, हरिद्वार और देहरादून समेत अन्य मार्गों पर बसें चल रही हैं. आगरा की बात करें तो सराय काले खां के लिए 116, आनंद विहार, कौशांबी और नोएडा के लिए 201, जयपुर के लिए 80, लखनऊ के लिए 50 और अन्य मार्गों पर 300 बसों का संचालन हो रहा है. भैया दूज पर गुरुवार को भी ये बसें सचालित होंगी.
भाई दूज पर सेंट्रल जेल में बहनें करेंगी भाइयों का तिलक: भाई दूज पर आगरा सेंट्रल और जिला जेल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. जेल में बंदी भाईयों का बहनें तिलक करेंगी. बहनों को सुविधा देने के लिए टेंट, मेज-कुर्सी और टीके की थाली समेत अन्य व्यवस्था की जाएगी.
आगरा जिला जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी भैया दूज पर, बंदी भाईयों के तिलक को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं. जिला जेल पर 25 से अधिक महिला और पुरुष कर्मियों की तैनाती के लिए पुलिस कमिश्नर से मांग की है. जिला जेल परिसर में पानी के कंटेनर और बहनों के बैठने के लिए कुर्सियां भी लगाई जाएंगी. इसके साथ ही उनके लिए पानी और चाय का इंतजाम भी किया जाएगा.
आगरा सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि भैया दूज को लेकर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के लिए पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजा है. इसके साथ ही पीएसी का भी सहयोग लिया है.