भादो में मानसून का जोर, 22 जिलों में भारी बारिश; कई जगह स्कूल बंद

लखनऊ: यूपी में भारी बारिश का दौर जारी है. इसे मानसून का मेगा शो कहा जा रहा है. ज्यादातर जिलों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है. सीतापुर, इटावा, कानपुर देहात समेत कई जिलों में आज आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं. मौसम विभाग ने आज 22 जिलों के भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर से यूपी के 10 जिले बेहाल है.

कितना पानी बरसा: पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 7.5 के सापेक्ष 20.6 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो की सामान्य से 187% अधिक है.

किसान का कच्चा घर धराशायी: लखनऊ के बंथरा क्षेत्र के कन्नीखेड़ा गांव में बुधवार शाम रिमझिम बारिश के दौरान एक किसान का दो कमरों वाला कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के समय किसान अपने परिवार के साथ मकान के अंदर मौजूद था. गनीमत रही कि छत का कुछ हिस्सा गिरते ही परिवार के सभी लोग दहशत में आकर बाहर निकल आए और कुछ ही देर बाद दोनों कमरे दीवारों सहित धराशायी हो गए. वहीं घटना से पहले परिवार के लोग बाहर निकल आए, जिससे वह बाल-बाल बच गए.

चित्रकूट में हादसा: चित्रकूट में लगातार हो रही बारिश के बीच दर्दनाक हादसे कच्ची दीवार ढहने के कारण दुधमुंही बेटी और मासूम बेटे के साथ पिता की मौत हो गई. सदर तहसील क्षेत्र के बराछ गांव में पहाड़ी के नीचे बने कच्चे घर में रात्रि में अचानक दीवार गिर गई. दीवार के नीचे दबने से युवक और उसकी दो संताने भी चपेट में आ गई.

आज इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी: मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इटावा, औरैया, जालौन, बांदा, लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर.

दो प्रतिशत कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से लेकर 2 सितंबर तक अनुमानित बारिश 607 मिली मीटर के सापेक्ष 598 मिनी रिकॉर्ड की गई जो की सामान्य से मात्र दो प्रतिशत ही कम है.

लखनऊ के मौसम का हाल: राजधानी में भी पिछले तीन-चार दिनों से झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. लखनऊ में अब तक अनुमानित बारिश 532 मिलीमीटर के सापेक्ष 589 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो की सामान्य से 11% अधिक है. बुधवार को भी लखनऊ में दिन में कई बार कभी हल्की हुआ कभी भारी बारिश हुई. लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लखनऊ में कई जगह पुराने मकान व दीवार धराशाई हो गए. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को भी राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहेंगे. कुछ स्थानों पर गलत चमक के साथ बारिश हो सकती है.

फर्रुखाबाद सबसे गर्म
बुधवार को उत्तर प्रदेश का फर्रुखाबाद सबसे गर्म जिला रहा जहां पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य है वही सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम विज्ञानी क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉ अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के चलते उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश तेज हुई है. अगले दो से तीन दिनों तक ऐसी बारिश जारी रहने की संभावना है.