मणिकर्णिका घाट विवाद के बीच सीएम योगी का अचानक बनारस दौरा, काशी विश्वनाथ धाम में किए दर्शन

वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक वाराणसी पहुंचे हैं. उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन और आरती की. इसके बाद मणिकर्णिका घाट जाने का कार्यक्रम है. पिछले कई दिनों से काशी के अति प्राचीन और प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट पर विकास कार्यों को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है.

सीएम योगी का वाराणसी का यह दौरा अचानक से फाइनल किया गया है. चंदौली में न्यायालय भवन के उद्घाटन के बाद सीएम योगी सीधे वाराणसी पहुंचे हैं. वाराणसी पहुंचने पर सीएम सबसे पहले काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे. मणिकर्णिका घाट पर सुबह से ही सीएम के आने को लेकर तैयारियां की जा रही थीं.

मणिकर्णिका घाट विवाद: मणिकर्णिका घाट पर 9 जनवरी 2026 से विस्तारीकरण और रिनोवेशन का काम शुरू हुआ है. इसी दौरान एक पत्थर का चबूतरा और उसमें राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा ध्वस्त हो गई.

इतना ही नहीं एक अन्य प्रतिमा के साथ एक शिवलिंग भी ध्वस्त हो गया है. मलबे में टूटी मूर्तियों का वीडियो वायरल होने के बाद से ही इस मामले को लेकर हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासनिक अधिकारी भी कई बार सफाई दे चुके हैं.

इस मामले में प्रदेश सरकार की तरफ से राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल और पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी ने स्पष्टीकरण दिया, लेकिन सीएम का अचानक मणिकर्णिका घाट पर आना सियासी घमासान की वजह बन सकता है.

मणिकर्णिका घाट मामले पर अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ हमला बोला है. सीएम योगी के दौरे को देखते हुए फोर्स तैनात है और मणिकर्णिका घाट आने वाली गलियों को बंद कर दिया गया है.