मथुरा, काशी और अयोध्या में उमड़ा उत्साह, गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने खेली होली

वाराणसी/मथुरा:मथुरा, वाराणसी, अयोध्या सहित पूरा प्रदेश होली के रंग में रंग गया है। हर तरफ उल्लास का माहौल है। लोग होली पर मस्ती में नजर आ रहे हैं। जगह-जगह हो रहे आयोजनों में लोग रंगों में सरोबार हो रहे हैं। ढोल-नगाड़े के साथ लोग मस्ती में झूम रहे हैं।

उधर, फागुन की मस्ती में सराबोर होकर काशी बुधवार को अपने अंदाज में होली मना रही। रंगभरी एकादशी से रंगोत्सव का छाया उल्लास आज दूना हो गया। घरों से लेकर मंदिरों तक अबीर-गुलाल उड़ रहा है। आज बुधवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में रंग, रस और राग का उल्लास छाया रहेगा।

श्रद्धालु बाबा के साथ होली खेल रहे हैं और उन्हें भजन और होली गीत सुना रहे। होली पर बुधवार को देवाधिदेव की नगरी अपने अंदाज में है।सुबह ही लोग मैदागिन से ढोल मजीरा बजाते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और अबीर-गुलाल खेलने के साथ बाबा को भजन और होली गीत सुना रहे। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में टेसू यानी पलाश के फूलों के बने रंगों से होली खेली गई। काशी की होली पर होली बरात निकालने की भी परंपरा है। घोड़े पर अड़भंगी स्वरूपों में बाबा दिखेंगे। खासकर युवाओं की टोलियां बरात के साथ भांग व ठंडई छान व अबीर गुलाल से सराबोर होंगे।

शाहजहांपुर में आज निकलेगी छोटे-बड़े लाट साहब की सवारी
शाहजहांपुर में रंगों की फुहार और उल्लास के बीच बुधवार को छोटे और बड़े लाट साहब का जुलूस निकला। होली के लिए लाट साहब की खातिरदारी पूरे दिन जारी रही। बुधवार सुबह नौ बजे बड़े लाट साहब का जुलूस प्रारंभ हुआ। लाट साहब पैदल ही कूंचालाला से लाए गए।चौकसीनाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद सराफा बाजार में भैंसागाड़ी पर सवार कराया जाएगा।

गत वर्षों की तरह भैंसागाड़ी अर्द्धसैनिक बल के घेरे में रही। इस बीच लाट साहब का स्वागत जूते-चप्पल और झाड़ू से किया गया। रंग-गुलाल की फुहारों के बीच लाट साहब की सवारी चौक कोतवाली में पहुंचेगी। जहां परंपरागत तरीके से उन्हें सलामी के साथ नजराना दिया गजाएगा।

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में लोगों के साथ खेली होली
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में लोगों के साथ होली मनाई। सीएम योगी ने कहा, मैं सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। हमारे पूर्वजों ने वर्षों पुरानी इस विरासत को संजोते हुए हमें सौंपा है। वर्तमान पीढ़ी उसी ऊर्जा के साथ इसे आगे बढ़ा रही है। पूरा राज्य इस पवित्र त्योहार से जुड़ा हुआ है। यदि कहीं कोई मतभेद हैं, तो उन्हें सुलझाने और एक सामंजस्यपूर्ण समाज की ओर कदम बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश और पूरा देश आज आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है, हम एक नया भारत देख सकते हैं, एक ऐसा भारत जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर है।