मथुरा दौरे पर सीएम योगी, पंडित दीनदयाल स्मृति महोत्सव और जनसभा में होंगे शामिल

मथुरा: भारतीय जनता पार्टी के प्रेरणा स्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मृति महोत्सव प्रोग्राम मथुरा में होगा. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में फरह के नगला चंद्रभान पहुंचेंगे. सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं. सीएम योगी यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

मथुरा में भारतीय जनता पार्टी के प्रेरणा स्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मृति महोत्सव कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उनके पैतृक गांव नगला चंद्रभान में भव्य स्मृति महोत्सव कार्यक्रम किया जा रहा है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि स्मृति महोत्सव कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं. गुरुवार को जिला प्रशासन और आगरा मंडल कमिश्नर ने तैयारियों का जायजा लिया. यहां 19 सितंबर से 25 सितंबर तक कार्यक्रम होंगे. इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिता के साथ नगला चंद्रभान में विशाल मेला लगाया गया है.

सीएम योगी आदित्यनाथ का प्रोग्राम: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आगरा से मथुरा पहुंचेंगे. फरह क्षेत्र के गांव नगला चंद्रभान में स्मृति महोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे.

सुबह 11:05 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर नगला चंद्रभान हेलीपैड पर पहुंचेंगे.
सुबह 11:15 बजे मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे.
दोपहर 12:55 बजे मुख्यमंत्री ग्रेटर नोएडा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया मथुरा के फरह क्षेत्र में दीनदयाल उपाध्याय का स्मृति महोत्सव मनाया जाता है. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

कार्यक्रम को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी के जवान तैनात किए जाएंगे. यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी लगाए जाएंगे. सभी अधिकारियों के साथ सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर बैठक की गई है.