गोरखपुर : महाशिवरात्रि (15 फरवरी) के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ रुद्राभिषेक कर लोक मंगल की कामना की. इसके पूर्व उन्होंने शनिवार को ही गोरखपुर के दो प्रमुख शिवालयों मुक्तेश्वरनाथ और झारखंडी महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की.उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दरबार में आए लोगों की समस्याओं को सुनकर उसके निराकरण का अधिकारियों को निर्देश भी दिया. रविवार को योगी मानसरोवर और पीतेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन पूजन और जलाभिषेक कर लोक कल्याण की कामना करेंगे.
रविवार को ही दोपहर बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भरोहिया स्थित पितेश्वरनाथ शिव मंदिर में भी जाकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करेंगे. महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व शनिवार शाम को सीएम योगी महादेव झारखंडी स्थित शिव मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी मामले में जांच के दौरान यदि गलत रिपोर्ट लगाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए. हर मामले की निष्पक्ष जांच करके ही उसका निस्तारण होना चाहिए. किसी भी प्रकरण में लापरवाही या शिथिलता अक्षम्य होगी.सीएम योगी ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है. हर समस्या का वह प्रभावी निस्तारण कराएंगे. उन्होंने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये.
उन्होंने कहा कि पीड़ितों की मदद में शिथिलता या लापरवाही कतई नहीं होनी चाहिए. जनता की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की हीलाहवाली हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी तय है. उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधि सम्मत कठोर कदम उठाने का निर्देश दिया. सीएम योगी ने जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को प्यार-दुलारकर उन्हें चॉकलेट दिया और खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया.