मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में करीब 1054 करोड़ रुपये की 470 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में करीब 1054 करोड़ रुपये की 470 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान एकला बांध स्थित नव विकसित ईको पार्क को जनता को समर्पित किया जो पहले कूड़ा डंपिंग स्थल था. कार्यक्रम में 173 परियोजनाओं का लोकार्पण और 297 कार्यों का शिलान्यास किया गया. इसमें सड़कों, नालियों, जल निकासी, ग्रीन बेल्ट और अन्य शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं. साथ ही सीएम ग्रिड योजना के तहत 6 स्मार्ट सड़कों के निर्माण की भी शुरुआत की गई.

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वच्छ स्कूल अभियान का भी शुभारंभ किया, जिसके माध्यम से छात्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा. इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहर की हजारों जनता मौजूद रही.
लोकार्पण और शिलान्यास के लिए समारोह का आयोजन एकला बांध पर विकसित और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों जनता को समर्पित ईको पार्क स्थल पर हुआ. यह पार्क जहां बनाया गया है, वहां कभी कूड़े का पहाड़ हुआ करता था। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब नीयत साफ हो तो नियति बदलने में देर नहीं लगती है. करने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो और नीयत भी उसी के अनुरूप हो तो परिस्थितियां बदलती हुई दिखाई देती हैं. गोरखपुर में नौ वर्षों के अंदर आया विकासपरक परिवर्तन इसका प्रमाण है. कहा कि आज से 30-35 वर्ष पहले, आज जहां ट्रांसपोर्टनगर बना है, पहले गोरखपुर का सारा कचरा वही डंप होता था. नगर निगम ने उसका समाधान किया तो आज वहां ट्रांसपोर्टनगर है, बेहतरीन मार्केट और गोरखपुर की मंडी है. ट्रांसपोर्टनगर बन जाने के बाद कचरा एकला बंधे पर गिराया जाने लगा. इसका परिणाम हुआ, वायु प्रदूषण, जमीन में जहर, नदी प्रदूषण और भूजल स्तर पर भी प्रभाव. इसके चलते एनजीटी भी जुर्माना लगाती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि नीयत से नियति को बदला गया और बेहतरीन ईको पार्क तैयार हो गया.
कचरे को कंचन में बदल दिया नगर निगम ने: ईको पार्क के विकास के लिए नगर निगम की पूरी टीम की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम ने गोरखपुर शहर के प्रवेश द्वार पर कचरे को कंचन में बदलने का काम किया है. 2.26 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर बनाया गया ईको पार्क पूरे परिवार के लिए पिकनिक स्पॉट और बेहतरीन पर्यटन स्थल बन गया है. यहां पर बच्चों के खेलने के लिए पार्क है. योग और ध्यान की क्रिया के लिए व्यक्ति यहां आराम से बैठ सकता है. कहा कि यह जो परिवर्तन आया है, वह गोरखपुर के विकास का मजबूत विश्वास और यहां की टीम के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है.
नौसढ़-मलौनी फोरलेन सड़क से और सुगम होगा आवागमन: सीएम योगी ने ईको पार्क के सामने से नौसढ़-मलौनी फोरलेन सड़क को नौसढ़ की जाम की समस्या का समाधान करने का माध्यम बताते हुए कहा कि करीब तीन किमी लंबे इस फोरलेन से लखनऊ और वाराणसी मार्ग पर आने-जाने के लिए आवागमन और भी सुगम हो जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर नगर में जहां पहले पानी भरता था, आज वहां बेहतर नालियां हैं. जहां पहले अंधेरा था, आज वहां एलइडी स्ट्रीट लाइट की रोशनी है. जहां लोगों के सामने पेयजल की समस्या थी, वहां आज शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हुई है. कहा कि एक समय था, जब बिजली नहीं मिलती थी. अब इस एकला तटबंध पर जो भी बिजली जलेगी, वह सोलर एनर्जी होगी. इसके लिए सोलर पैनल लगाए गए हैं. यह भी नेट जीरो के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में किया गया एक बेहतरीन प्रयास है. यहां पर जो सिटी फॉरेस्ट लगाया गया है, यह अपने आप में पूरे क्षेत्र को अत्यंत हरियाली से युक्त करके प्रदूषण से मुक्त करने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करेगा. जहां पहले समस्या थी, आज वहां पर गोरखपुर महानगर ने समाधान दिया है.
सेफ और स्मार्ट सिटी को लेकर सभी नगर निगमों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा: सीएम योगी ने कहा कि आज जो भी यूपी में आता है, उसको प्रदेश के अंदर कुछ बदलाव देखने को मिलता है. सेफ और स्मार्ट सिटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है और इसी के अनुरूप प्रदेश के सभी नगर निगम स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ रहे हैं.आज प्रदेश में सीएम ग्रिड के तहत स्मार्ट सड़कें बन रही हैं. सभी वार्डों में ग्रीन बेल्ट एंड मिनी फॉरेस्टेशन के कार्य को भी आगे बढ़ाया जा रहा है. सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और पार्कों के सुंदरीकरण का कार्य हो रहा है. मलिन बस्तियों का विकास किया जा रहा है. खुली नालियों को बेहतरीन तरीके से ढकने का काम किया जा रहा है. समुचित जल निकासी के प्रबंध किए जा रहे हैं.

स्कूली बच्चों के माध्यम से घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश: लोकार्पण-शिलान्यास समारोह के मंच से स्वच्छ स्कूल अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर को 7 स्टार गार्बेज फ्री सिटी बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप 3 में लाने के लिए स्कूली बच्चों के विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है. इसमें शामिल एक लाख से अधिक बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर पहुंचेगा. बच्चों को आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल) के बारे में बताया जाएगा. वेस्ट टू आर्ट, निबंध और रील्स प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी स्वच्छता के संदेश का विस्तार होगा. उन्होंने कहा कि इस अभियान से 2000 से अधिक शिक्षकों और 1000 से ज्यादा अनुभवी अभिभावकों को जोड़कर इसे एक व्यापक जन आंदोलन बनाने का काम किया जा रहा है.

वन महोत्सव में एकला तटबंध पर करें पौधरोपण: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर ग्रामीण के विधायक का आह्वान किया कि वे आगामी वन महोत्सव के दौरान एकला तटबंध पर कार्यकर्ताओं के साथ आकर पौधरोपण करें. इसी तरह उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड में खाली भूमि और पार्कों में मिनी सिटी फॉरेस्ट फॉरेस्ट विकसित करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों से बचने के लिए अधिकाधिक पौधरोपण और लगाए गए पौधों की सुरक्षा करने का आह्वान किया.

सीएम के मार्गदर्शन में बनाया गया एकला बांध पर पिकनिक स्पॉट: लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में नगर निगम ने एकला बांध पर दशकों से इकट्ठा विशाल कूड़े के ढेर को वैज्ञानिक विधि से निस्तारित कर रमणीक पिकनिक स्पॉट बनाने में कामयाबी हासिल की है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के विजन के अनुरूप गोरखपुर नगर निगम सतत विकास की श्रृंखला को आगे बढ़ा रहा है. समारोह को गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया.