मुजफ्फरनगर: जिला के सदर तहसील क्षेत्र के गांव गदला में सरकारी तालाब पर हुए अवैध कब्जे को लेकर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. इस कार्रवाई के बाद, 6 साल से जलभराव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.
ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी तालाब और जल निकासी मार्ग पर अतिक्रमण के कारण करीब छह साल से गांव में पानी की निकासी बाधित थी. बारिश के दौरान मुख्य रास्ता, प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आसपास की आबादी जलमग्न हो जाती थी, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता था. बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई या ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाना पड़ता था, जलजमाव के कारण गांव में हर समय अनेकों प्रकार की बीमारियां फैली रहती थी.
लगातार शिकायतों और ग्रामीणों के बढ़ते दबाव के बाद एसडीएम सदर, तहसीलदार, लेखपाल और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ शुक्रवार को गांव पहुंची और दो बुलडोजर, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से तालाब की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया, जिससे जल निकासी मार्ग पूरी तरह से खुल गया.प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गांव में वर्षों से रुकी हुई पानी निकासी शुरू हो गई है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. हालांकि ग्रामीणों ने अन्य सार्वजनिक भूमि पर भी अतिक्रमण की जांच कर स्थायी समाधान की मांग की है.