मेरठ में IPL का रोमांच, बड़े स्क्रीन पर दो दिन लाइव मैच, मिलेगा स्टेडियम जैसा फील

मेरठ : BCCI की ओर से IPL फैन पार्क का आयोजन किया जा रहा है. यहां 11 और 12 अप्रैल को पांडव नगर में क्रिकेट प्रेमी 32 फीट की स्क्रीन पर IPL मैच का आनंद उठा सकेंगे. हजारों क्रिकेट प्रेमी चौके, छक्के की बौछार देख सकेंगे. मेरठ जिला क्रिकेट संघ (MDCA) के कोषाध्यक्ष राकेश गोयल ने बताया कि मेरठ वासियों को पांचवीं बार लाइव क्रिकेट देखने का अवसर मिलने जा रहा है.

BCCI के ऑपरेशन मैनेजर विकास पंडित ने बताया, पिछले साल भैसाली मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जिन बड़े शहरों में बड़े स्टेडियम नहीं हैं, वहां के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह आयोजन बेहद ही अनूठा रहता है, जिसमें आने वाले क्रिकेट प्रेमियों को बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने को मिलेगा. स्टेडियम जैसा फील आएगा.

विकास पंडित ने बताया, फन पार्क में आने वाले लोगों को आनंद आने वाला है. यहां छोटे बच्चों को भी कई एक्टिविटी करने का अवसर मिलेगा, वहीं फैन पार्क में लोगों को कई गेम्स खेलने का मौका मिलेगा. पार्क में बॉक्स क्रिकेट जैसे कई खेलों में लोग प्रतिभाग कर सकेंगे. इसके अलावा फूड स्टॉल पर लोग खाने पीने की चीजों का लुत्फ उठा सकेंगे. गीत संगीत की धुन पर मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा.

उन्होंने बताया, इस इवेंट में कोई एंट्री फीस नहीं है. दोपहर तीन बजे से लोगों को एंट्री मिलेगी. 3.30 बजे से मैच की शुरुआत होगी. 8 से 10 हजार दर्शकों के हर दिन यहां पहुंचने की उम्मीद है. शनिवार और रविवार को छुट्टी का दिन होने की वजह से क्रिकेट प्रेमी मैच देखने आएंगे. इसी तरह आज गुजरात के नडियाद, महाराष्ट्र के सोलापुर और उड़ीसा के राउरकेला में भी देखा जा सकेगा.