मेरठ समेत कई जिलों में बारिश का कहर, ओलावृष्टि-बिजली से किसान बेहाल, 5 दिन का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मेरठ,बुलंदशहर समेत कई जिलों में जोरदार बारिश के चलते फसलों के साथ जानमाल के भारी नुकसान की भी खबर है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को राज्य के 15 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही 6 और 7 अप्रैल को पूर्वी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं आठ और नौ अप्रैल को आंधी तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी की गई है.

इन जिलों में बिजली गिरने की आशंका
यूपी के 15 से अधिक जिलों में बारशि के दौरान बिजली गिरने की आशंका जाहिर की गई है. ये जिले हैं, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अंबेडकरनगर और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं.

आंधी-तूफान के साथ बारिश ने मचाई तबाही

वहीं बात शनिवार की करें तो यूपी के पूर्वी तथा पश्चिमी इलाकों के कई जिलों में जोरदार बारिश होने के साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चली. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने के साथ-साथ बिजली गिरने से जनहानि के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हुआ है. ओलावृष्टि होने से जहां फसलों को भारी नुकसान हुआ है. वहीं आंधी तूफान चलने से कई जगह पेड़ों और विद्युत पोल के गिरने से काफी नुकसान हुआ है. घंटों बिजली बाधित रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

तेज बारिश के साथ गिरे ओले

बुलंदशहर के पहासू कस्बा में तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई और ओले गिरे हैं. जिससे खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है. खेतों की हालत देख किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें देखी जा रही है. किसानों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.

किसानों ने प्रशासन से लगाई मुआवजे की गुहार

अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ में भी रविवार को तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई. अचानक हुई भारी बारिश से पूरा शहर पानी पानी हो गया. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा. वहीं जिले के इगलास और गोंडा क्षेत्र में खेतों में खड़ी फसलें गिर गई. जिससे किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है. पिछले 15 दिनों में यह चौथी बार है जब फसलों को क्षति हुई है. किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.

राजधानी में अचानक बदला मौसम का मिजाज

राजधानी लखनऊ में शनिवार शाम 05 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला. आसमान में काले बादल छा गए. इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई. बारिश के साथ-साथ तेज रफ्तार हवाएं चलने लगी. मौसम विज्ञान विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी. बारिश से जहां भीषण गर्मी से राहत मिली है. वहीं किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं. खेत में इस समय गेहूं की फसल पक कर तैयार है. तेज बारिश के चलने से फसल के नुकसान होने की आशंका से किसान परेशान हैं.

लखनऊ में बारिश होने तथा आंधी तूफान के कारण कई जगह पर विद्युत आपूर्ति बाधित रही. साथ ही साथ सरोजिनी नगर इलाके के अल्ताफ गारमेंट तथा पूजा बरतन भंडार के पास अचानक बिजली गिरने से दुकान में लगे उपकरण जल गए. अचानक तेज आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग दहशत के मारे इधर-उधर छुप गए.

लखनऊ में गरज चमक के साथ होगी बारिश

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार को लखनऊ में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. दिन में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है, वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है.

बहराइच सबसे गर्म उत्तर प्रदेश का बहराइच शनिवार को सबसे गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 38. 02 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान उरई जिले में 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है.

अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से यूपी के दोनों इलाकों में कई जिलों में जोरदार बारिश हुई तथा कई जगहों पर ओलावृष्टि के साथ-साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चली. वहीं कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरी. शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं आगामी 6 व 7 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा तथा 8 व 9 अप्रैल को फिर से पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.